Missile Test: भारत ने गुरुवार को स्वदेश विकसित ‘एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल’ (ATGM) का महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक सैन्य प्रतिष्ठान से सफल परीक्षण किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मिसाइलों ने दो अलग-अलग रेंज में सटीक निशाना साधते हुए लक्ष्यों को नष्ट कर दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ATGM के निर्माता रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) और भारतीय सेना को मिसाइल के सफल परीक्षण पर बधाई दी।
मंत्रालय ने कहा, "DRDO और भारतीय सेना ने युद्धक टैंक ‘अर्जुन’ के जरिए स्वदेशी रूप से विकसित लेजर-गाइडेड एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल का सफलतापूर्वक परीक्षण किया।"
रक्षा मंत्रालय ने कहा, "मिसाइलों ने दो अलग-अलग रेंज में सटीक रूप से लक्ष्यों को साधते हुए इन्हें सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। ‘टेलीमेट्री’ प्रणाली ने मिसाइलों के संतोषजनक उड़ान प्रदर्शन को दर्ज किया है।"
DRDO अध्यक्ष जी. सतीश रेड्डी ने ATGM के सफल परीक्षण से जुड़ी टीम को बधाई दी।
फुली ऑटोमेटिक विमान की टेस्टिंग
इससे पहले DRDO ने शुक्रवार को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में अपने फुली ऑटोमेटिक विमान की पहली उड़ान सफलतापूर्वक पूरी की थी। इस संबंध में एक आधिकारिक प्रेस रिलीज में कहा गया कि अनमैन्ड विमान ने सटीकता के साथ उड़ान भरी और फिर सुगम तरीके से जमीन पर उतर गया।
बयान के मुताबिक, यह उड़ान भविष्य के अनमैन्ड विमानों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों को साबित करने के मामले में एक प्रमुख उपलब्धि है और यह सामरिक रक्षा प्रौद्योगिकियों में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
बयान में कहा गया कि इस मानवरहित वायुयान को एरोनॉटिकल डेव्हलपमेंट एस्टॅब्लिशमेंट(ADE), बेंगलुरु ने डिजाइन और विकसित किया है, जो DRDO की एक प्रमुख अनुसंधान प्रयोगशाला है।
प्रेस रिलीज के मुताबिक, “यह एक छोटे टर्बोफैन इंजन से चलता है। विमान के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एयरफ्रेम, अंडर कैरिज और पूरे फ्लाइट कंट्रोल और एरोनॉटिकल सिस्टम स्वदेशी रूप से विकसित हैं।”