IGI एयरपोर्ट पर फैली बम की अफवाह, दो घंटे देरी से उड़ी विस्तारा की दिल्ली-मुंबई फ्लाइट

फ्लाइट नंबर UK-941 के लिए किए गए इस दावे का पता लगाने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार शाम करीब 6.10 बजे कई सुरक्षा, खुफिया, हवाई अड्डे के संचालन और विमानन एजेंसियों की एक नामित समिति को जांच के लिए बुलाया गया था। यह फ्लाइट दिल्ली से मुंबई जा रही थी और उसे शाम चार बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरनी थी

अपडेटेड Jun 08, 2023 पर 7:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मुंबई जा रही विस्तारा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में करीब दो घंटे की देरी हुई

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयर पोर्ट (IGI Airport) से मुंबई जा रही विस्तारा एयरलाइंस (Vistara Airlines) की एक फ्लाइट में करीब दो घंटे की देरी हुई, क्योंकि एक यात्री ने कहा कि उसने एक साथी यात्री को अपने बैग में बम (Bomb) होने के बारे में बात करते हुए सुना है। हालांकि, बाद में यह दावा फर्जी निकला। आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

न्यूज एजेंसी PTI ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि फ्लाइट नंबर UK-941 के लिए किए गए इस दावे का पता लगाने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार शाम करीब 6.10 बजे कई सुरक्षा, खुफिया, हवाई अड्डे के संचालन और विमानन एजेंसियों की एक नामित समिति को जांच के लिए बुलाया गया था। यह फ्लाइट दिल्ली से मुंबई जा रही थी और उसे शाम चार बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरनी थी।

सूत्रों ने कहा कि महिला यात्री ने एयरलाइन के चालक दल को बताया कि उसने एक पुरुष यात्री को फोन पर किसी से यह कहते हुए सुना कि CISF की टीम उसके बैग में रखे हुए बम का पता नहीं लगा सकी।

Delhivery का आरोप, "दिवालिया याचिका से ठीक पहले Go First ने उससे लिए लाखों रुपये, कानून हाईजैक करने की कोशिश"


सूत्रों ने कहा कि चालक दल ने तुरंत सुरक्षा और CISF के कर्मियों को इस बारे में सूचित किया, जिसके बाद विमान के उड़ान भरने में देरी हुई और टर्मिनल एरिया और चेक-इन सामान में एक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पूरे सुरक्षा तंत्र को सतर्क कर दिया गया था।

जांच पूरी होने के बाद बम होने की खबर को शाम करीब पौने सात बजे अफवाह घोषित कर दिया गया और 163 यात्रियों वाले विमान को मुंबई के लिए उड़ान भरने की अनुमति दे दी गई।

इसके बाद महिला और पुरुष दोनों ही यात्रियों को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया, बाद में पुरुष यात्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 341 और 268 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।