BSP नेता की हत्या के बाद IPS ए. अरुण ने संभाला चेन्नई के नए पुलिस कमिश्नर का पद, बोले- अपराधियों को उन्हीं की भाषा में मिलेगा जवाब

यह पूछे जाने पर कि क्या ‘मुठभेड़’ की उम्मीद की जा सकती है, जिसपर उन्होंने कहा कि ‘मुठभेड़’ जैसी कोई चीज नहीं होती। अधिकारी ने बताया कि उपद्रवी तत्वों को ‘उस भाषा में सबक सिखाया जाएगा, जिसे वो समझते हैं।’ सोमवार सुबह ही तमिलनाडु सरकार ने पुलिस कमिश्नर पद से संदीप राय राठौड़ का तबादला करते हुए उनकी जगह सीनियर IPS अधिकारी ए अरुण को ये जिम्मेदारी दी

अपडेटेड Jul 08, 2024 पर 9:09 PM
Story continues below Advertisement
BSP नेता की हत्या के बाद IPS ए. अरुण ने संभाला चेन्नई के नए पुलिस कमिश्नर का पद

भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी ए. अरुण ने सोमवार को चेन्नई पुलिस कमिश्नर का पद संभाला और बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का संकल्प लिया। नए पुलिस कमिश्नर की ये टिप्पणी बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता के. आर्मस्ट्रॉन्ग की हत्या के कुछ दिनों बाद आई है। शहर के पुलिस प्रमुख ने अपनी प्राथमिकताओं पर जोर देते हुए मीडिया को बताया कि आपराधिक तत्वों को उनकी भाषा में सबक ‘सिखाया’ जाएगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या ‘मुठभेड़’ की उम्मीद की जा सकती है, जिसपर उन्होंने कहा कि ‘मुठभेड़’ जैसी कोई चीज नहीं होती। अधिकारी ने बताया कि उपद्रवी तत्वों को ‘उस भाषा में सबक सिखाया जाएगा, जिसे वो समझते हैं।’

 ‘कट्टा पंचायत' के खिलाफ भी होगा एक्शन


उन्होंने जोर देकर कहा कि नियमित गश्त से सभी अपराधों में कमी आएगी। अधिकारी ने पुलिस विभाग के भीतर ‘कट्टा पंचायत’ (कंगारू अदालत) जैसी भ्रष्ट गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर लगाम लगाना और अपराध की घटनाओं की उचित जांच और उपद्रव पर रोक लगाना प्राथमिकताएं हैं।

आर्मस्ट्रांग की हत्या के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

वहीं BSP नेता की जान को खतरे की पहले से जानकारी और पुलिस के कुछ न करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने चूक की स्थिति में कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि चेन्नई समेत राज्य में हत्या की घटनाओं में कमी आई है।

सुबह ही हुई बदली

दरअसल सोमवार सुबह ही तमिलनाडु सरकार ने पुलिस कमिश्नर पद से संदीप राय राठौड़ का तबादला करते हुए उनकी जगह सीनियर IPS अधिकारी ए अरुण को ये जिम्मेदारी दी। अरुण इस समय अपर पुलिस महानिदेशक (ADGP)-कानून व्यवस्था हैं।

प्रधान सचिव वी अमुधा की तरफ से जारी गृह विभाग के एक आदेश के अनुसार अरुण को संदीप राय राठौड़ की जगह पर पुलिस कमिश्नर, ग्रेटर चेन्नई पुलिस के रूप में तैनात किया जा रहा है।

राठौड़ को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राजीव कुमार की जगह पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में DGP नियुक्त किया गया है।

भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी देवासिरवाथम (ADGP, हेडक्वार्टर चेन्नई) अब अरुण की जगह ADGP (कानून व्यवस्था) के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।