Budget 2022: संसद के बजट सत्र से पहले उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू (M Venkaiah Naidu) 31 जनवरी को राज्यसभा के फ्लोर नेताओं की एक वर्चुअल मीनिंग की अध्यक्षता करेंगे। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू की अध्यक्षता में राज्यसभा के नेताओं की यह बैठक 31 जनवरी को शाम 5 बजे होगी। सूत्रों ने कहा कि यह बैठक कोविड के प्रसार को देखते हुए होगी। बता दें कि भारत के उपराष्ट्रपति खुद कोविड की लड़ाई से उबर रहे हैं।
बैठक एक तरह से संसद के आगामी बजट सत्र के लिए टोन सेट करेगी, जहां विपक्षी नेताओं के कई प्रमुख मुद्दों पर सरकार को घेरने की उम्मीद है। संसद का पिछला शीतकालीन सत्र पूरे सत्र के दौरान 12 विपक्षी सांसदों के निलंबन के साथ उच्च सदन में पूरी तरह से बर्बाद हो गया था।
संसद का बजट सत्र 31 जनवरी को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दोनों सदनों के संयुक्त संबोधन के साथ शुरू होगा और उस दिन आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश किया जाना है। जबक केंद्रीय बजट 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश करेंगी।
बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगा और फिर बजट सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च को फिर से 8 अप्रैल तक चलेगा। संसद के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें दिन में अलग अलग समय पर आयोजित होंगी ताकि कोविड से संबंधित सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन हो सके।
आगामी 31 जनवरी से शुरू हो रहे बजट सत्र के दौरान दोनों सदनों की बैठकें अलग अलग समय पर पांच-पांच घंटे के लिए होंगी। लोकसभा की बैठक एक फरवरी को सुबह 11 बजे होगी और उस दिन आम बजट पेश किया जाएगा। जबकि दो फरवरी से लोकसभा की कार्यवाही शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी।
साल 2020 का मानसून पहला ऐसा सत्र था जिस दौरान कोविड के चलते दोनों सदनों की बैठकें एक ही दिन में अलग अलग समय पर हुई थीं। पिछले साल के बजट सत्र के पहले चरण के दौरान भी यही व्यवस्था थी। बजट सत्र के दूसरे चरण और फिर मानसून सत्र तथा शीतकालीन सत्र के समय लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही पहले की तरह सामान्य समय से शुरू हुईं।