"भारत, मैं अपनी मंजिल तक पहुंच गया और आप भी!" चंद्रमा के साउथ पोल पर सॉफ्ट लैंडिंग (Soft Landing) के बाद चंद्रयान-3 ने ये पहले मैसेज धरती पर भेजा है। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन ने X पर एक पोस्ट के जरिए ये जानकारी दी है। ISRO ने मिशन की सफलता पर ट्वीट करते हुए कहा, "Chandrayaan-3 Mission: 'India, I reached my destination and you too!"
इसके आगे ISRO ने लिखा चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग हो गई है! बधाई हो, भारत!” भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक उतारकर इतिहास रच दिया और ये उपलब्धि हासिल करने वाला वह पहला देश बन गया। साथ ही भारत अब चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक अंतरिक्ष यान उतारने वाला चौथा देश भी है।
सफल लैंडिंग के बाद, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा, "सर हमने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग हासिल कर ली है। भारत अब चंद्रमा पर है।" PM मोदी साउथ अफ्रिका से ISRO के कमांड कंट्रोल रूम से वर्चअली कनेक्ट हुए थे।
सॉफ्ट-लैंडिंग के अहम प्रोसेस में, जिसे ISRO के अधिकारी "सबसे मुश्किल 17 मिनट" कहते हैं, शामिल था। इसमें लैंडर को बिल्कुल सही समय और ऊंचाई पर अपने इंजन को फायर करना था और साथ ही टच डाउन से पहले किसी भी बाधा के लिए चांद की सतह को स्कैन करना था।
ISRO ने आज शाम अपने महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्रमा मिशन चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल (LM) को चंद्रमा की सतह पर छूने के लिए स्वचालित लैंडिंग अनुक्रम (ALS) शुरू किया। लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) वाले एलएम ने शाम 6 बजे के बाद चंद्रमा पर लैंडिंग की।