Chennai Floods: चेन्नई में स्कूल-कॉलेज बंद...15 ट्रेनें रद्द, बिजली भी ठप...दूध और पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं लोग, 17 लोगों की मौत

Chennai Floods: स्थानीय एजेंसियों के कर्मचारियों ने राहत और पुनर्वास के प्रयास तेज कर दिए हैं। राज्य सरकार ने कहा कि कुछ इलाकों में बिजली के तार पानी में गिरने के कारण एहतियाती उपाय के तौर पर बिजली काटी गई है। जबकि सामान्य स्थिति बहाल किए जाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तमिलनाडु में बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए आज राज्य का दौरा करेंगे

अपडेटेड Dec 07, 2023 पर 1:17 PM
Chennai Floods: बारिश के कारण आई बाढ़ में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है (Photo- AFP)

Chennai Floods Rain and Cyclone Michaung Updates: तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और उसके आसपास के जिलों में चक्रवात मिचौंग (Cyclone Michaung) के कारण भारी तबाही होने से स्थानीय लोगों को जलभराव और बिजली कटौती की समस्या से जूझना पड़ है। लोग दूध और पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। स्थानीय एजेंसियों के कर्मचारियों ने राहत और पुनर्वास के प्रयास तेज कर दिए हैं। राज्य सरकार ने कहा कि कुछ इलाकों में बिजली के तार पानी में गिरने के कारण एहतियाती उपाय के तौर पर बिजली काटी गई है। जबकि सामान्य स्थिति बहाल किए जाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तमिलनाडु में बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए आज राज्य का दौरा करेंगे। वह मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के साथ बैठक भी करेंगे।

पीएम ने जताया दुख

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने गुरुवार को कहा कि आज बीजेपी की संसदीय दल की बैठक हुई। जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी ने चक्रवात से प्रभावित लोगों के लिए और जिसके साथ दु:खद घटनाएं घटी उनके प्रति संवेदना व्यक्त की। द्र सरकार के प्रतिनिधि के रूप में तमिलनाडु का दौरा करने वाले राजनाथ सिंह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। सूत्रों ने बताया कि सिंह मुख्यमंत्री के साथ बैठक करने के अलावा हालिया बाढ़ से हुए नुकसान का भी जायजा लेंगे। रक्षा मंत्री के दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारी भी उनके साथ रहेंगे।


स्कूल-कॉलेज बंद

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने इन जिलों के कई हिस्सों में भीषण बाढ़ के कारण चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू के सभी स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टियां गुरुवार तक बढ़ा दी हैं। छह तालुकों पल्लावरम, तांबरम, वंडालूर, थिरुपोरूर, चेंगलपट्टू और थिरुकाझुकुंड्रम में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे।

दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी

भीषण बाढ़ के कारण पूरे चेन्नई के निवासियों को दूध, पीने के पानी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कुछ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और शहर के एक राहत केंद्र में रखे गए लोगों को भोजन और आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं। उन्होंने शहर के नागरिक निकाय द्वारा जल निकासी के लिए की गई गतिविधियों का निरीक्षण किया। साथ ही सीएम ने केंद्र को पत्र लिखकर स्थिति से निपटने के लिए 5,060 करोड़ रुपये की अंतरिम बाढ़ राहत की मांग की।

ये भी पढ़ें- रेवंत रेड्डी आज लेंगे तेलंगाना के CM की शपथ, मल्लू भट्टी विक्रमार्क बन सकते हैं डिप्टी CM

वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने बाढ़ वाले घरों में फंसे लोगों के लिए भोजन का राशन भी गिराया। नौसेना की बाढ़ राहत टीमें चेन्नई में पल्लीकरनई, थोरईपक्कम, पेरुंबक्कम और वेलाचेरी की जलमग्न कॉलोनियों में फंसे लोगों की सहायता करना जारी रखती हैं। टीमों ने 700 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

मरने वालों की संख्या 17 हुई

चक्रवात से पहले हुई मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है। बुधवार को चेन्नई के व्यासरपाडी इलाके में लोगों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के कारण व्यासरपाडी, वेलाचेरी और तांबरम सहित इलाकों में बाढ़ आ गई थी। चेन्नई में व्यापक बाढ़ के बीच बचावकर्मियों ने लोगों को उनके घरों से बाहर निकालने के लिए इन्फ्लेटेबल राफ्ट और रस्सियों का इस्तेमाल किया। पानी से घिरे इलाकों में लोगों ने मदद की गुहार लगाई, जिसमें लोगों को ऊंचे स्थानों पर ले जाने के लिए अधिक नावें लगाना भी शामिल है।

15 ट्रेनें रद्द

चेन्नई में भारी बारिश और जलजमाव के बीच दक्षिणी रेलवे ने गुरुवार को 15 ट्रेनें रद्द कर दीं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को प्रभावित ट्रेनों पर ध्यान देने और उसके अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।