Cold Wave Forecast: इस सप्ताह जबरदस्त ठंड के लिए तैयार रहें उत्तर भारतीय, -4 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिरने की भविष्यवाणी

Cold Wave Forecast: दिल्ली में न्यूनतम तापमान आज बुधवार को 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में 3-9 जनवरी तक 5 दिनों तक लगातार शीतलहर का प्रकोप देखा गया। इन पांच दिनों के दौरान, न्यूनतम तापमान लगभग 2 से 4 डिग्री रहा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बीते 23 साल में तीसरा सबसे भीषण ठंड था

अपडेटेड Jan 12, 2023 पर 2:16 PM
Cold Wave Forecast: कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए एक और बुरी खबर है

Cold Wave Forecast For North India: कड़ाके की ठंड से ठिठुर रहे उत्तर भारत के लोगों के लिए एक और बुरी खबर है। पहले से ही कड़ाके की ठंड (Cold Wave) की चपेट में आए उत्तर भारत के बड़े हिस्से में तापमान और गिरने की आशंका है। समाचार एजेंसी ANI ने बताया कि एक मौसम एक्सपर्ट ने अगले सप्ताह मैदानी इलाकों में तापमान -4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की भविष्यवाणी की है। लाइव वेदर ऑफ इंडिया के संस्थापक नवदीप दहिया ने ट्वीट कर कहा है कि 14 से 19 जनवरी के बीच कड़ाके की ठंड पड़ेगी। दहिया के मुताबिक, 16 से 18 जनवरी के बीच ठंड का प्रकोप चरम पर रहने की आशंका है।

दिल्ली में न्यूनतम तापमान मंगलवार को 6.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले, आज बुधवार को 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ANI से बात करते हुए मौसम वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में 3-9 जनवरी तक 5 दिनों तक लगातार शीतलहर का अनुभव किया गया। इन पांच दिनों के दौरान, न्यूनतम तापमान लगभग दो से चार डिग्री रहा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बीते 23 साल में तीसरा सबसे भीषण ठंड था।

IMD के अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) के पास पालम वेधशाला में विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, विजिबिलिटी जब शून्य से 50 मीटर के बीच रह जाती है तो उस समय ‘बहुत घना’ कोहरा होता है। वहीं, 51 से 200 मीटर के बीच विजिबिलिटी की स्थिति में ‘घना’, 201 से 500 मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1,000 मीटर के बीच विजिबिलिटी की स्थिति में ‘हल्का’ कोहरा होता है।


इससे पहले, दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 1.9 डिग्री सेल्सियस, शनिवार को 2.2 डिग्री सेल्सियस, शुक्रवार को 4 डिग्री सेल्सियस, गुरुवार को 3 डिग्री सेल्सियस और बुधवार को 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की आशंका है। बारिश के बाद कुछ दिनों के लिए शीतलहर से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड बढ़ने की आशंका है।

ये भी पढ़ें- Delhi Weather: दिल्ली-NCR में और बढ़ेगी ठंड! आज राजधानी में बूंदाबांदी के आसार, कोहरे के कारण उड़ानें-ट्रेन सेवाएं प्रभावित

मौसम विभाग के मुताबिक, तेज हवाएं चलने से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे से लोगों को राहत मिलेगी। लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे की परत छाई रहेगी और ठंड में और अधिक बढ़ोतरी की आशंका है। IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।