Cold Wave: सर्दी का सितम जारी, घने कोहरे की चपेट में दिल्ली सहित उत्तर भारत, ठंड बढ़ने के कारण यूपी और बिहार में स्कूल बंद

Cold Wave: देश की राजधानी दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। चारों तरफ घना कोहरा छाया हुआ है। कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है

अपडेटेड Dec 27, 2022 पर 11:03 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए येलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है

Cold Wave in North India: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR में कड़ाके की ठंड (Cold Wave) पड़ रही है। कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि उत्तर पश्चिम से मैदानों को पार कर आने वाली हवाओं की वजह से तापमान में गिरावट आने से गलन बढ़ी है और कोहरा छाया हुआ है। IMD ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए येलो और आरेंज अलर्ट जारी किया है। यूपी के कई जिले शीतलहर से ठिठुर रहे हैं। ठंड को देखते हुए यूपी के सात जिलों में एक जनवरी तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं बिहार में भी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि अगले कुछ दिनों तक इस क्षेत्र में स्थिति ऐसी ही बनी रहेगी। IMD ने कहा कि उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक और हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों में शीतलहर की स्थिति ऐसी ही रहने की आशंका है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, हरियाणा, पंजाब, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मंगलवार को भी घने से बहुत घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली में सोमवार को 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।

देरी से चल रही हैं ट्रेनें


पंजाब से पूर्वी यूपी होते हुए हरियाणा-दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी यूपी तक कोहरे की घनी परत फैली हुई है। IMD के मुताबिक ‘ठंडा दिन’ उस दिन को कहते हैं जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री नीचे दर्ज हो। कड़ाके की ठंड वाले दिन का मतबल है कि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे दर्ज हो।

राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सोमवार की सुबह घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर पर पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक कोहरा छाया रहेगा। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 10 ट्रेनें डेढ़ घंटे से साढ़े चार घंटे की देरी से चल रही हैं।

पंजाब-हरियाणा में कड़ाके की ठंड

पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड जारी रही और घना कोहरा छाया रहा। दोनों राज्यों में नारनौल सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां 2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस, अंबाला में 7.7 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 6.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 6.6 डिग्री सेल्सियस, भिवानी में 5.5 डिग्री सेल्सियस और सिरसा में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्य की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनत तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

ये भी पढ़ें- Ammonia Leak In Serbia: सर्बिया में जहरीली अमोनिया गैस लीक के बाद इमरजेंसी घोषित, दर्जनों लोग बीमार, हाईवे और स्कूल-कॉलेज बंद

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में छह डिग्री सेल्सियस, पठानकोट में 8.8 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 3.6 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में छह डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

IMD के अनुसार, न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने पर शीत लहर की घोषणा की जाती है। शीतलहर की घोषणा तब भी की जाती है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो और सामान्य से 4.5 डिग्री कम हो। न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस रहने या सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने पर ‘भीषण’ शीतलहर की घोषणा की जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।