Kashmir Fashion Show: रमजान के दौरान जम्मू-कश्मीर में फैशन शो को लेकर विवाद, लोगों ने उठाए सवाल

ऑनलाइन शेयर की गई तस्वीरों में "सेमी न्यूड" पुरुष और महिलाएं कम कपड़ों में रैम्प पर चलते हुए दिखाई दे रहे थे। आलोचकों का तर्क था कि इससे राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों का हनन हुआ है। अब्दुल्ला ने इस संबंध में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है

अपडेटेड Mar 10, 2025 पर 2:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kashmir Fashion Show: रमजान के दौरान जम्मू-कश्मीर में फैशन शो को लेकर विवाद

जम्मू-कश्मीर में रमजान के पवित्र महीने के दौरान आयोजित एक फैशन शो पर अश्लीलता के आरोप लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह लोगों के सदमे और गुस्से को "पूरी तरह समझते हैं"। यह कार्यक्रम स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में आयोजित किया गया था, जिसके कारण राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही वर्गों में इसकी व्यापक आलोचना हुई थी।

ऑनलाइन शेयर की गई तस्वीरों में "सेमी न्यूड" पुरुष और महिलाएं कम कपड़ों में रैम्प पर चलते हुए दिखाई दे रहे थे। आलोचकों का तर्क था कि इससे राज्य के सांस्कृतिक मूल्यों का हनन हुआ है। अब्दुल्ला ने इस संबंध में 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ मौलवी मीरवाइज उमर फारूक की इसी तरह की पोस्ट को शेयर करते हुए कहा, "आश्चर्य और गुस्सा पूरी तरह से समझा जा सकता है। मैंने जो तस्वीरें देखी हैं, उनमें स्थानीय संवेदनशीलता के प्रति पूरी तरह से उपेक्षा दिखाई देती है और वह भी इस पवित्र महीने के दौरान।"


श्रीनगर की जामा मस्जिद के मुख्य सज्जादानशीन और अलगाववादी हुर्रियत कांफ्रेंस के अध्यक्ष उमर फारूक ने इसे "अपमानजनक" बताया और कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के नाम पर अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उमर फारूक ने कहा, "यह बेहद शर्मनाक है कि रमजान के पवित्र महीने में गुलमर्ग में एक अश्लील फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसकी तस्वरें और वीडियो वायरल हो गए, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। सूफी, संत संस्कृति और लोगों के गहरे धार्मिक दृष्टिकोण के लिए जानी जाने वाली घाटी में इसे कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है? इसमें शामिल लोगों को तुरंत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।"

अब्दुल्ला ने कहा कि उनका कार्यालय स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। सामाजिक कार्यकर्ता राजा मुजफ्फर भट ने कहा कि यह घटना कश्मीर के नैतिक मूल्यों को नष्ट करने का एक प्रयास है।

उन्होंने एक ऑनलाइन पोस्ट में कहा, "पवित्र रमजान में गुलमर्ग में इस नग्न फैशन शो की अनुमति किसने दी? अर्धनग्न पुरुष और महिलाएं बर्फ पर चल रहे थे। क्या पर्यटन विभाग, GDA के सीईओ इस पर प्रकाश डालेंगे? आप हमारे नैतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों को नष्ट करने के लिए क्यों बाध्य हैं?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।