बायोलॉजिकल ई (Biological E.) ने अपनी कोरोना वैक्सीन कॉर्बेवैक्स (Corbevax) की कीमतों में कटौती कर दी है। कंपनी ने वैक्सीन की हर डोज को 840 रुपये से घटाकर 250 रुपये कर दिया है। हैदराबाद की फार्मा कंपनी ने एक बयान में कहा है कि वैक्सीनेशन सेंटर में एक डोज की कीमत 400 रुपये होगी। इसमें टैक्स और प्रशासनिक शुल्क (taxes and administration charges) शामिल है। पहले इसकी कीमत 990 रुपये थी।
कॉर्बेवैक्स वैक्सीन 5-12 साल के उम्र के बच्चों को इमजरेंसी में इस्तेमाल करने की मंजूरी दी गई है। इस वैक्सीन को सुविधा जनक बनाने के लिए सिंगल डोज की एक शीशी में आती है। 12 से 17 साल के बच्चों को कॉर्बेवैक्स की वैक्सीन लगवाने के लिए को-विन (Co-WIN) पोर्टल के जरिए स्लॉट बुक किया जा सकता है।
अब तक देश भर में बच्चों को कॉर्बेवैक्स की 4.39 करोड़ डोज दी जा चुकी है और कंपनी ने केंद्र सरकार को करीब 10 करोड़ डोज की सप्लाई की गई है। बायोलॉजिकल ई ने टेक्सास चिल्ड्रेन हॉस्पिटल (Texas Children’s Hospital) और बायलर कॉलेज ऑफ मेडिसिन (Baylor College of Medicine) के सहयोग से कॉर्बेवैक्स बनाई है। वैक्सीनेशन के लिए कंपनी ने EUA हासिल करने से पहले 5-12 साल और 12-18 साल के बच्चों में कई चरणों में टेस्ट किए थे। केंद्र सरकार ने 156 मार्च को 12-14 साल के उम्र के बच्चों के लिए कोविड-19 वैक्सीनेशन शुरू किया था। अब तक 3.17 करोड़ से अधिक बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज दी जा चुकी है।
देश की पहली प्रोटीन बेस्ड वैक्सीन
कॉर्बेवैक्स देश की पहली प्रोटीन सबयूनिट वैक्सीन है। जबकि देश में ही बनाई गई ये तीसरी कोरोना वैक्सीन है। प्रोटीन सबयूनिट वैक्सीन का मतलब है कि ये पूरे वायरस की बजाय उसके एक हिस्से का इस्तेमाल कर इम्युनिटी पैदा करती है। इस वैक्सीन में कोरोना वायरस के S प्रोटीन का इस्तेमाल किया गया है। जैसे ही वैक्सीन के जरिए S प्रोटीन शरीर के अंदर जाता है। वैसे ही इम्युन रिस्पॉन्स एक्टिवेट हो जाता है और वायरस से लड़ता है।
कोवोवैक्स वैक्सीन के दाम घटे
इससे पहले सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (Serum Institute of India - SII) ने अपनी कोवोवैक्स (Covovax) वैक्सीन की प्रत्येक डोज की कीमत 900 रुपये से घटाकर 225 रुपये कर दी थी। इसमें टैक्स शामिल नहीं है। SII ने प्राइवेट वैक्सीनेशन सेंटर पर 12 से 17 साल के बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए कोविन (CoWIN) पोर्टल पर कोवोवैक्स वैक्सीन को शामिल किए जाने के एक दिन बाद यह कदम उठाया था। देश में मौजूदा समय में सरकारी वैक्सीनेशन सेंटर पर 12 से 14 साल के बच्चों को बायोलॉजिकल-ई का कॉर्बेवैक्स वैक्सीन लगाई जा रही है। जबकि 15 से 18 वर्ष के बच्चों को भारत बायोटेक की कोवैक्सीन लगाई जा रही है।