Coromandel Express derails: ओडिशा (Odisha) से एक बड़े ट्रेन हादसे की खबर आ रही है। कोरोमंडल एक्सप्रेस (Coromandel Express) ओडिशा के बालासोर (Balasore) जिले में पटरी से उतर गई है। न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि ओडिशा के बालासोर जिले में बहानागा रेलवे स्टेशन के पास एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोरोमंडल एक्सप्रेस 12841 की पांच बोगियां पटरी से उतर गई हैं। घटना में 132 लोगों के घायल होने की खबर है और कई लोगों के मारे जाने की आशंका है।
ANI के मुताबिक, ओडिशा के मुख्य सचिव ने बताया कि कोरोमंडल एक्सप्रेस रेल दुर्घटना में 132 घायलों को सोरो CHC, गोपालपुर CHC और खांटापाड़ा PHC में शिफ्ट किया गया।
न्यूज एजेंसी PTI ने बताया कि चेन्नई-हावड़ा कोरोमंडल एक्सप्रेस के एक मालगाड़ी से टकराने के बाद उसके कई डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कई लोगों के हताहत होने की भी आशंका है। दक्षिण रेलवे ने कोरोमंडल एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के संबंध में पूछताछ के लिए किसी भी तरह की पूछताछ या मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर (044- 2535 4771) जारी किया है।
ओडिशा ट्रेन दुर्घटना पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोगों की मदद के लिए ओडिशा सरकार, दक्षिण पूर्व रेलवे के साथ समन्वय कर रही है। इमरजेंसी कंट्रोल रूम को तुरंत 033- 22143526/22535185 हेल्पलाइन नंबर के साथ एक्टिव कर दिया गया है।
ओडिशा SDMA के MD ने बताया कि 47 घायलों को बालासोर के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
ANI ने स्पेशल रिलीफ कमिशन ऑफिस के हवाले से बताया कि तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। बालासोर के कलेक्टर को भी सभी जरूरी व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर SRC को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।
दक्षिण रेलवे के CPRO ने बताया कि चेन्नई हावड़ा कोरोमंडल एक्सप्रेस ओडिशा के बालासोर में बहानागा स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। कई बोगियों के पटरी से उतरने की सूचना है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, घटना में कई लोगों के घायल होने और फंसे होने की आशंका है। बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया है।
खड़गपुर से एक मेडिकल टीम भेजी गई है और भद्रक से पांच एंबुलेंस भेजी गई हैं। साथ ही भद्रक जिले से दमकल की दो टीमें भी भेजी गई हैं। इसके अलावा DGP फायर सर्विसेज डॉ. सुधांशु सारंगी दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के लिए मुख्यालय से रवाना हो गए हैं।