Coromandel Express Accident: ओडिशा के दर्दनाक ट्रेन हादसे पर PM मोदी का कड़ा संदेश, बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

Coromandel Express Accident: घटना स्थल पर स्थिति की समीक्षा करने के बाद PM मोदी फकीर मोहन अस्पताल बालासोर पहुंचे, जिसमें कम से कम 288 लोग मारे गए और 800 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मोदी IAF के हेलिकॉप्टर से बहनागा बाजार स्टेशन के पास दुर्घटनास्थल पर गए और उन्हें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन दुर्घटना के बारे में जानकारी दी

अपडेटेड Jun 03, 2023 पर 7:31 PM
Story continues below Advertisement
Coromandel Express Accident: ओडिशा के दर्दनाक ट्रेन हादसे पर PM मोदी का कड़ा संदेश (PHOTO-PTI)

Coromandel Express Accident: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शनिवार को कहा कि ओडिशा (Odisha) के बालासोर जिले में तीन ट्रेनों की दुर्घटना (Triple Train Accident) एक दर्दनाक घटना है और सरकार घायलों के इलाज के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी। उन्होंने ये भी आश्वासन दिया कि घटना में दोषी पाए जाने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। PM मोदी शनिवार दोपहर को बालासोर में कोरोमंडल एक्सप्रेस (Coromandel Express) ट्रेन हादसे वाली जगह पर पहुंचे, जहां उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।

घटना स्थल पर स्थिति की समीक्षा करने के बाद मोदी फकीर मोहन अस्पताल बालासोर पहुंचे, जिसमें कम से कम 288 लोग मारे गए और 800 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मोदी IAF के हेलिकॉप्टर से बहनागा बाजार स्टेशन के पास दुर्घटनास्थल पर गए और उन्हें रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन दुर्घटना के बारे में जानकारी दी।


मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में देश की सबसे भीषण ट्रेन दुर्घटनाओं में से एक के घटनास्थल का निरीक्षण करने और पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात के बाद मीडिया से बात की। मोदी ने कहा, "रेल हादसे के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।" प्रधानमंत्री ने ये भी कहा, "हम घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराएंगे।"

उन्होंने लोगों को बचाने में मदद के लिए स्थानीय लोगों का भी आभार जताया, जिनमें से कई लोगों ने रात भर काम किया। मोदी ने कहा, "मैं ट्रेन दुर्घटना प्रभावितों को दी गई सभी मदद के लिए स्थानीय लोगों का आभारी हूं।"

हादसे के बारे में उन्होंने कहा, "मेरे पास पीड़ा व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। ईश्वर हमें इस स्थिति से उबरने की शक्ति दें।"

प्रधानमंत्री के साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी थे। आपदा प्रबंधन टीम के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री के साथ ही दोनों केंद्रीय मंत्रियों को स्थिति के बारे में जानकारी दी।

ओडिशा ट्रेन हादसा: 20 साल में तीन बार पटरी से उतर चुकी है कोरोमंडल एक्सप्रेस, शुक्रवार के दिन ही हुए सभी हादसे, 288 पहुंचा मौत का आंकड़ा

प्रधानमंत्री ने घटनास्थल से कैबिनेट सचिव और स्वास्थ्य मंत्री से बात की। अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनसे ये सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए।

मोदी ने ये भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोक संतप्त परिवारों को किसी तरह की असुविधा न हो और प्रभावितों को जरूरी सहायता मिलती रहे।

प्रधानमंत्री ने ओडिशा की राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री प्रमिला मलिक के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रमुख से भी बातचीत की। मोदी ने दुर्घटना के बाद इस रूट पर ट्रेन सेवाओं को बहाल करने के लिए किए जा रहे, कामों की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। बाहानगा बाजार में दुर्घटनास्थल पर पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने ट्रेन हादसे पर नई दिल्ली में एक हाई लेवल बैठक भी की थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।