Coronavirus in India: देश में एक दिन में कोविड-19 के 30,757 नए केस सामने आए हैं और 24 घंटे के दौरान 541 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 67,538 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं और इसके साथ ही अब तक कुल 4,19,10,984 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। भारत में फिलहाल एक्टिव मामलों की संख्या 3,32,918 है।
देश में रिकवरी रेट फिलहाल 98.03% है, जबकि डेली पोजिटिविटी रेट 2.61% है। वहीं वीकली पोजिटिविटी रेट 3.04% है। पिछले 24 घंटे में 34,75,951 लोगों को वैक्सीन लगा है और इसके साथ ही अब तक कुल 1,74,24,36,288 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, नए आंकड़ों को मिलाकर भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 4 करोड़ 27 लाख 54 हजार 315 पर पहुंच गई है। भारत में अब तक कुल 75.55 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं, जिसमें मंगलवार को 11,79,705 टेस्ट किए गए।
भारत में 15-18 वर्ष आयु वर्ग के एक करोड़ से अधिक किशोरों को वैक्सीन की दोनों डोज के साथ पूरी तरह से वैक्सीन लगाया जा चुका है। इस बीच केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कोरोना संक्रमण में अचानक उछाल के बाद लगाए गए अतिरिक्त कोविड-19 प्रतिबंधों की समीक्षा करने और संशोधन करने को कहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को पत्र लिखकर अतिरिक्त COVID-19 प्रतिबंधों की समीक्षा करने और संशोधन करने या समाप्त करने के लिए कहा है, क्योंकि कोरोना मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
भूषण ने कहा है कि भारत में कोविड-19 महामारी में 21 जनवरी से निरंतर गिरावट की प्रवृत्ति दिख रही है। पिछले सप्ताह के दौरान कोरोना वायरस के औसत दैनिक मामले 50,476 थे और पिछले 24 घंटों में 27,409 नए मामले सामने आए हैं। 15 फरवरी, 2022 को दैनिक मामलों की पॉजिटिविटी रेट घटकर 3.63 प्रतिशत रह गई है।