Coronavirus Updates: देश भर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 3641 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 7 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। इसमें महाराष्ट्र में 3 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। वहीं दिल्ली, केरल, कर्नाटक और राजस्थान में एक-एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (Ministry of Health and Family Welfare) के आंकड़ों से मिली जानकारी के मुताबिक, देश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 20,219 हो गई है। वहीं कल यानी रविवार को 3823 नए मामले दर्ज किए गए थे। हालांकि कल के मुकाबले आज नए मामलों में गिरावट देखने को मिली है।
एक दिन में केरल में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। पिछले 24 घंटे में 683 नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में सामने आए है। एक दिन में 164 नए मामले दर्ज किए गए हैं। केरल में एक्टिव मामलों की संख्या 5,636 है। इसके बाद महाराष्ट्र में 3488 एक्टिव केस हैं।
देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 4,41,75,135 हो गई है। वहीं अब तक 5,30,892 कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। वहीं एक दिन पहले कोरोना संक्रमण से 4 लोगों की मौत हुई थी। जानकारों का कहना है कि कोरोना वायरस का नया वेरिएंट XBB.1.6 से संक्रमित मरीजों की संख्या में इजाफा हो सकता है। हालांकि इससे घबराने की जरूरत नहीं है। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते रहें और वैक्सीन लगवा लिया है तो बूस्टर डोज भी जरूर लगवाएं।
दिल्ली में 7 महीने में सबसे ज्यादा नए मामले
देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को 429 मामले दर्ज किए है। यह पिछले 7 महीने में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज हैं। दिल्ली में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 16.09 फीसदी हो गया है। दिल्ली में अब तक कोरोना वायरस से 26,530 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।