Ranji Trophy 2022-23: 'भारत रत्न' से सम्मानित महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के बेटे अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) ने रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) में गोवा (Goa) के लिए शानदार डेब्यू किया है। अर्जुन ने अपने पिता सचिन तेंदुलकर के नक्शेकदम पर चलते हुए रणजी ट्रॉफी के पहले ही मैच में शतक जड़ दिया है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने राजस्थान (Rajasthan) के खिलाफ मैच के दूसरे दिन सेंचुरी ठोकी।
अपनी इस शतकीय पारी में अर्जुन ने 12 चौके और 2 छक्के लगाए। 23 साल के अर्जुन ने 178 गेंद में अपना पहला शतक पूरा किया। इसके साथ ही गोवा ने पहली पारी में 420 रन का स्कोर खड़ा कर लिया है। अब टीम की नजर जीत पर है। गोवा क्रिकेट एसोसिएशन अकादमी (Goa Cricket Association Academy) में राजस्थान और गोवा के बीच यह मैच खेला जा रहा है। अर्जुन का यह डेब्यू मुकाबला है।
साल 1988 में सचिन तेंदुलकर ने गुजरात के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के अपने पहले मैच में नाबाद शतक बनाया था। अब 34 साल बाद राजस्थान के खिलाफ अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए रणजी ट्रॉफी के अपने पहले ही मैच में अर्जुन शतकवीर बन चुके हैं। अर्जुन ने अपने पिता सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। फर्क सिर्फ इतना है कि उस समय सचिन सिर्फ 15 साल के थे, लेकिन अभी अर्जुन की उम्र 23 साल है।
सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार बैटिंग की और विरोधी टीम राजस्थान को छकाए रखा। मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक अर्जुन 15 बॉल में सिर्फ 4 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। दूसरे दिन, बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और बिना ज्यादा पसीना बहाए अपना अर्धशतक ठोक दिया।
इसके बाद, अर्जुन और प्रभुदेसाई की साझेदारी की बदौलत गोवा 200 रन के आंकड़े को पार कर गई। अर्जुन 178 गेंदों पर 12 चौकों और दो छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। 207 गेंद पर 120 रन बनाकर वह आउट हुए। 13 दिसंबर को अर्जुन ने गोवा की टीम की तरफ से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना डेब्यू किया।
इस साल की शुरुआत में मुंबई की तरफ से मौके नहीं मिलने के बाद अर्जुन ने गोवा का रुख किया था। अर्जुन इससे पहले मुंबई की टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें मुंबई की तरफ से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में खेलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो मैच खेले, जिसके बाद उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (MI) के लिए चुना गया। हालांकि, वहां भी रोहित शर्मा की अगुआई वाली पांच बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला।
मुंबई की तरह से IPL में खेल रहे हैं अर्जुन
अर्जुन तेंदुलकर 2020 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। अपने पहले सीजन में वह 20 लाख रुपये के बेस प्राइस के साथ टीम के साथ जुड़े थे। वहीं, दूसरी बार उन्हें 30 लाख रुपए में खरीदकर मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, अभी तक उन्हें IPL में मुंबई की तरफ से एक म के लिए योगदान नहीं दिया है। लेकिन गोवा की तरफ से उनका प्रदर्शन देखने के बाद कहा जा सकता है कि उन्हें आगामी IPL में क्रिकेट मैदान में उतारा जा सकता है। फिलहाल, अर्जुन मुंबई छोड़ गोवा की टीम की तरफ से अपना योगदान दे रहे हैं।