IPL 2023 Retention: कीरोन पोलार्ड ने IPL से लिया संन्यास, मुंबई इंडियंस के नए बैटिंग कोच नियुक्त

IPL 2023 Retention: वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर ने मंगलवार को एक ट्वीट कर इंडिया प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लेने की घोषणा की। पोलार्ड के रिटायरमेंट के साथ ही उनकी टीम मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त कर दिया है

अपडेटेड Nov 15, 2022 पर 3:07 PM
IPL 2023 Retention: कीरोन पोलार्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग से संन्यास की घोषणा कर दी है। वह IPL की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे

IPL 2023 Retention Updates: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2023) के आगामी सीजन के लिए सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। इस बीच 23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाली मिनी ऑक्शन से पहले टी20 दिग्गज और वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) ने IPL (Indian Premier League) से संन्यास का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पोलार्ड को पांच बार के IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस का नया बैटिंग कोच (Mumbai Indians Batting Coach) नियुक्त किया गया है। वह आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस की तरफ से पिछले 13 सालों से खेल रहे थे।

मुंबई इंडियंस के नए कोच नियुक्त

वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर ने मंगलवार 15 नवंबर 2022 को एक ट्वीट कर इंडिया प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास लेने की घोषणा की। पोलार्ड के रिटायरमेंट के साथ ही उनकी टीम मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त कर दिया है। इससे पहले पोलार्ड ने इसी साल अप्रैल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने कहा था कि वह दुनिया भर में निजी टी20 और टी10 लीग में खेलते रहेंगे।


पोलार्ड ने संन्यास की घोषणा करते हुए एक पोस्ट में लिखा, ‘यह फैसला करना आसान नहीं था, क्योंकि मैं कुछ और सालों तक खेलना चाहता हूं। लेकिन मुंबई इंडियंस के साथ चर्चा के बाद मैंने अपने IPL करियर को अलविदा कहने का फैसला किया है। मैं समझता हूं कि इस फ्रैंचाइजी को बदलाव की जरुरत है। अगर मैं अब मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेलता हूं तो मैं खुद को उसके खिलाफ खेलते हुए नहीं देख सकता, वन्स एन एमआई, ऑलवेज ए एमआई (एक बार मुंबई इंडियंस, हमेशा के लिए मुंबई इंडियंस।’

ये भी पढ़ें- Mainpuri Bypoll: मैनपुरी में रोचक हुआ मुकाबला, डिंपल के खिलाफ BJP ने शिवपाल के करीबी रघुराज शाक्य को मैदान में उतारा

एक दिन पहले ही भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा था कि 23 दिसंबर को कोच्चि में होने वाली मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस के लिए कीरोन पोलार्ड को रिलीज करना मुश्किल होगा।

2009 में मुंबई ने खरीदा था

पोलार्ड को 2009 में मुंबई ने खरीदा था। वह टीम के साथ एक महान खिलाड़ी के रूप में उभरे, जिन्होंने सभी पांच मौकों पर IPL खिताब जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लेकिन पोलार्ड IPL 2022 में अपने दबदबे को कायम रखने में असफल हुए। पिछले सीजन के तीन मैचों में बैठे, जिससे टीम अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच गई।

वेस्टइंडीज के लिए उतने सफल नहीं रहे

टी20 के सबसे सफल क्रिकेटरों में से एक पोलार्ड वेस्टइंडीज के लिए उतने सफल नहीं रहे। उन्होंने 123 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 26 से कुछ अधिक की औसत से 2706 रन बनाने के अलावा 55 विकेट चटकाए। उन्होंने 101 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1569 रन बनाए और 44 विकेट हासिल किए।

उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आकर्षण टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में श्रीलंका के अकिला धनंजय के ओवर में छह छक्के रहे। वह 2012 में ICC टी20 विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज की टीम का हिस्सा थे। उन्हें कभी टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।