Mainpuri Lok Sabha Bypoll: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उत्तर प्रदेश की मैनपुरी (Mainpuri) सीट पर लोकसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (SP) की डिंपल यादव (Dimple Yadav) के खिलाफ पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य (Raghuraj Singh Shakya) को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। शाक्य एक समय शिवपाल यादव (shivpal yadav) के करीबी माने जाते थे।
हालांकि, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर वे इस साल बीजेपी में शामिल हो गए थे। शाक्य पूर्व में समाजवादी पार्टी में थे, लेकिन बाद में शिवपाल यादव के साथ आ गए थे जब उन्होंने सपा से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई थी।
इन सीटों पर भी होगा उपचुनाव
BJP ने मैनपुरी लोकसभा सीट के अलावा यूपी, राजस्थान, बिहार एवं छत्तीसगढ़ की पांच अन्य विधानसभा सीटों के उपचुनावों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय ने मंगलवार तो ये सूची जारी की। बयान के मुताबिक, मैनपुरी लोकसभा सीट से रघुराज सिंह शाक्य को उम्मीदवार बनाया गया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की खतौली विधानसभा सीट से श्रीमती राजकुमारी सैनी और रामपुर से आकाश सक्सेना, राजस्थान की सरदारशहर सीट से अशोक कुमार पिंचा, बिहार की कुरहानी सीट से केदार प्रसाद गुप्ता तथा छत्तीसगढ़ की भानुप्रतापपुर सीट से ब्रह्मानंद नेताम को बीजेपी का उम्मीदवार बनाया गया है।
मैनपूरी पर टिकी सभी की निगाहें
यूपी की रामपुर विधानसभा सीट हाल ही में सपा नेता आजम खान को भड़काऊ भाषण मामले में कोर्ट द्वारा सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द किए जाने के चलते खाली हुई है। इन सीटों पर पांच दिसंबर को मतदान होगा और आठ दिसंबर को मतगणना होगी। पूरे देश की निगाहें मैनपुरी लोकसभा सीट पर है, जहां से अखिलेश यादव की पत्नी अपने ससुर मुलायम सिंह यादव की सीट पर चुनाव लड़ रही हैं।