देश में अभी फेस्टिवल सीजन चल रहा है। दुर्गापूजा के बाद अब धूमधाम से दीपावली सहित अन्य त्योहार मनाने की तैयारी की जा रही है। दिवाली के मौके पर लोगों के घरों में बेहद स्वादिष्ट भोजन और पकवान बनते हैं। लेकिन हम एक खबर के माध्यम से आपको सतर्क करना चाहते हैं। खबर आपके और आपके परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि थोड़ी सी असावधानी और लापरवाही आपके स्वास्थ को खराब कर सकता है।
दरअसल, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (Delhi Police Crime Branch) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए राजधानी से करीब 28,000 किलोग्राम नकली जीरा (Fake Cumin/jira) जब्त किया है। इस नकली जब्त जीरा की अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। दिल्ली सरकार से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र के मुताबिक, क्राइम ब्रांच द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कंझावला के मंडनपुर रोड पर घास, गुड़ और पत्थर के पाउडर से नकली जीरा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। ट्रक में से 348 बोरी जीरा, गोदाम में 55 बोरी जीरा, 35 घास की बोरी, गुड़ के सिरके की 25 बोरी, 25 बोरी स्टोन पाउडर बरामद किया गया है।
क्राइम ब्रांच की टीम को इस मामले की जानकारी मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई। फैक्ट्री के मालिक सुरेश गुप्ता नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही एक अन्य आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही उसकी भी गिरफ्तारी की जा सकती है।
कैसे बनाया जाता था नकली जीरा?
हम सभी के घरों में भोजन के दौरान दाल और सब्जियों में तड़का लगाने के लिए जिस जीरा का प्रयोग करते हैं। उसी के जैसे नकली जीरा बनाने वाली फैक्ट्री में जब क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची तो पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए।
नकली जीरा बनाने के लिए सूखी घास (Dry Grass), चूना पत्थर (Limestone), गुड़ का शिरा (Jaggery Tip) इत्यादि कई अन्य पदार्थों और केमिकल की मिलावट कर फैक्ट्री में हजारों किलोग्राम नकली जीरा तैयार किया जा रहा था। इसे नगली जीरे को फेस्टिवल सीजन में खपाने की तैयारी थी।
गुजरात में नकली जीरे की सप्लाई करने की थी तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली की फैक्ट्री में बनने वाली हजारों किलोग्राम नकली जीरे को आगामी गुजरात विधानसभा चुनाव (Gujarat Elections 2022) के दौरान वहां के मार्केट में सप्लाई करने की भी तैयारी की जा चुकी थी। इसके साथ ही दीपावली पर्व त्योहार के समय दिल्ली से लेकर गुजरात समेत कई अन्य राज्यों में इसकी सप्लाई करने की प्लानिंग थी।
अब दिल्ली पुलिस की इस मामले की पड़ताल में जुटी है कि इस फैक्ट्री से अबतक कितने हजार किलोग्राम नकली जीरे की सप्लाई की जा चुकी है और कौन -कौन से बड़े कारोबारियों को सप्लाई अब तक दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि अबतक इस गोरखधंधे से कितने की काली कमाई की जा चुकी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।