Cyclone Biparjoy: राजस्थान में दिखने लगा बिपरजोय का असर, दिल्ली-नोएडा में आज भी होगी बारिश

Cyclone Biparjoy: गुजरात में तबाही मचाने के बाद चक्रवाती तूफान बिपरजोय का खतरा राजस्थान में असर में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने राजस्थान में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए पूर्वी राजस्थान में रेड अलर्ट (Red Alert) और पश्चिमी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। किसी भी हालात से निपटने के लिए राजस्थान में प्रशासन अलर्ट है

अपडेटेड Jun 17, 2023 पर 10:25 AM
Cyclone Biparjoy: गुजरात में टकराने के बाद बिपरजोय के तेवर में कमजोरी आई है

Cyclone Biparjoy: समुद्र में खलबली मचाने वाला चक्रवाती तूफान बिपरजोय के तेवर अब जमीन पर ठंडे पड़ गए हैं। गुजरात तट से टकराने के बाद बिपरजोय कुछ कमजोर पड़ गया है। शुक्रवार शाम तक यह डिप्रेशन में बदल गया। मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात के तटीय इलाकों में पहुंचने के कुछ घंटों बाद चक्रवात की तीव्रता ‘बेहद गंभीर’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में आ गई। अब यह राजस्थान के लिए खतरा बन सकता है। मौसम विभाग में राजस्थान में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में रेड अलर्ट (Red Alert) और पश्चिमी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया गया है। किसी भी हालात से निपटने के लिए राजस्थान में प्रशासन अलर्ट है।

बता दें कि बिपरजोय गुजरात में भारी तबाही मचाई है। NDRF और SDRF की टीमें राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। आर्मी, नेवी, एयर फोर्स, कोस्ट गार्ड और BSF की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज से गुजरात में बारिश की गति धीमी पड़ सकती है।

राजस्थान में सैकड़ों लोगों को सुरक्षित ठिकाने पर पुहंचाया


वहीं राजस्थान सरकार चक्रवाती तूफान बिपरजोय से बचाव को लेकर पूरी तरह से तैयार है। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने कहा कि किसी भी हालात से निपटने के लिए NDRF की 17 टीमें नियुक्त की गई हैं। 30 टीम को तैयार रहने को कहा गया है। बिपरजोय तूफान की वजह से बाड़मेर में बाखासर, सेडवा और चौहटन इलाके में कई पेड़ गिर गए हैं। बाड़मेर शहर में रात भर से हल्की बारिश जारी है और‌ हवा भी चल रही है। जिले में सूफान के संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने जलभराव वाले गांवों को खाली करवा दिया। लोगों को घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचा दिया है। शेरवा उपखंड इलाके के बांका शहर के आसपास के 3 गांवों के परिवारों को सुरक्षित स्थान पर सरकारी स्कूल में शिफ्ट किया गया है।

चक्रवात बिपरजोय ने गुजरात में मचाया कहर, तस्वीरों में देखें तबाही का मंजर

दिल्ली में बारिश

बिपरजोय को देखते हुए देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी असर देखने को मिल रहा है। दिल्ली में हल्की बारिश हो रही है। जिससे दिल्ली वासियों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम ने विभाग ने आज शनिवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई है। तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 18 व 19 जून को मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। अधिकतम तापमान सिमटकर महज 34 व 35 डिग्री तक रह सकता है। न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक रहेगा।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, जलगांव, नासिक, अहमदनगर, पुणे, कोल्हापुर और सतारा में बारिश हो सकती है। वहीं अगले हफ्ते में दक्षिण भारत में भारी बारिश की आशंका जताई है। केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में तेज बारिश हो सकती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।