Cyclone Michaung: इन राज्यों में 4 दिसंबर को आने वाला है चक्रवाती तूफान, मूसलाधार बारिश की चेतावनी

Cyclone Michaung: मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में 4 दिसंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है

अपडेटेड Dec 01, 2023 पर 7:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Cyclone Michaung: चक्रवाती तूफान के 4 दिसंबर को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटों तक पहुंचने के आसार है

Cyclone Michaung: तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश चक्रवाती तूफान 'मिचौंग' से मुकाबला करने के लिए तैयारी कर रहे हैं, जिसके 4 दिसंबर तक दोनों राज्यों के समुद्र तट से टकराने की आशंका है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शुक्रवार (1 दिसंबर) को गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया। अगले कुछ दिनों में इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। चेन्नई और तमिलनाडु के अन्य हिस्सों में पिछले दो दिनों में भारी बारिश हुई है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कम दबाव की बात कही है।

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी का क्षेत्र शुक्रवार को दबाव में बदल गया। 3 दिसंबर तक चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान, 4 दिसंबर की शाम के करीब आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के समुद्र तट को पार करेगा। विभाग के मुताबिक, यह तूफान शुक्रवार सुबह साढ़े 5 बजे चेन्नई से लगभग 800 किमी, आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम से 970 किमी, बापतला से 990 किमी और पुडुचेरी से 790 किमी दूर समुद्र के ऊपर केंद्रित थी।

वेदर एजेंसी ने कहा कि इसके पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, दो दिसंबर तक गहरे दबाव में तब्दील होने तथा 3 दिसंबर के आसपास चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। एक बयान के मुताबिक, यह उसी दिशा में आगे बढ़ेगा और 4 दिसंबर की शाम के आसपास चक्रवाती तूफान के रूप में चेन्नई और मछलीपट्टनम के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश और निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु के तट को पार करेगा।


विशेष राहत आयुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि इस तूफान का ओडिशा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस चक्रवाती तूफान का नाम 'मिचौंग (Michaung)' म्यांमार द्वारा सुझाया गया है। इस साल हिंद महासागर में यह छठा और बंगाल की खाड़ी में चौथा चक्रवात है।

ये भी पढ़ें- Assembly Elections 2023 Highlights: एग्जिट पोल के बाद कहीं खुशी कहीं गम, BJP-कांग्रेस ने अपनी-अपनी सरकार बनने का किए दावे

भारी बारिश के बाद चेन्नई में भरा पानी

तमिलनाडु के उत्तरी तटीय क्षेत्र में गुरुवार को हल्की बारिश हुई, जबकि चेन्नई शहर और आसपास के कई हिस्सों में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। जलजमाव के कारण ट्रैफिक बाधित हुआ और लोगों को परेशानी हुई। चेन्नई और उसके उपनगरों में बुधवार को 10 सेंटीमीटर (सेमी) से 19 सेमी तक की भारी बारिश के बाद, कई रिहायशी इलाकों, मुख्य सड़कों और प्रमुख चौराहे पानी भर गया।

4 दिसंबर तक जारी रहेगी बारिश

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) ने कहा कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में 4 दिसंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। जबकि तमिलनाडु में उत्तरी तटीय क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। एक अधिकारी ने बताया कि राजधानी के कई हिस्सों और आसपास के तिरुवल्लुर, कांचीपुरम और चेंगलपेट जिलों में भारी ट्रैफिक जाम देखा गया। रात भर बारिश जारी रहने की वजह से स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। साथ ही निचले इलाकों में स्थित कुछ घरों में पानी घुस गया और बिजली भी गुल हो गई।

रेड अलर्ट जारी, सीएम ने की बैठक

मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्थिति की समीक्षा के लिए बृहद चेन्नई निगम में शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की।

बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में स्टालिन ने कहा कि प्रशासन बारिश के पानी की तेजी से निकाल रहा हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि तिरुवल्लूर में सबसे ज्यादा 19 सेमी बारिश हुई है। चेन्नई और आसपास के जिलों के अलावा, कुड्डालोर और विल्लुपुरम सहित तमिलनाडु के उत्तरी तटीय क्षेत्र के कई अन्य हिस्सों में बारिश हुई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।