देश भर में पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम में तेजी से बढ़ोतरी जारी है। इस बीच दिल्ली में ऑटो चालकों ने बढ़ती CNG की कीमतों को लेकर आज हड़ताल पर चले गए। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, ऑटो, कैब और टैक्सी चालकों के यूनियन ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर मैदान में प्रदर्शन किया। इसके साथ ही यूनियन ने 11 अप्रैल को दिल्ली सचिवालय में धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। वहीं ऑटो, कैब और टैक्सी चालकों ने 18 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल (indefinite strike) पर जाने की चेतावनी दी है।
सर्वोदय ड्राइवर्स वेलफेयर एसोसिएशन (Sarvodaya Drivers Welfare Association) के रवि राठोर (Ravi Rathor) ने दावा किया है कि उनके यूनियन में दिल्ली-NCR में 4 लाख सदस्य हैं। जबकि दिल्ली में एक लाख ऑटो चालक हैं। राठोर कहा कि अगर सरकार ने CNG की कीमतों में कटौती नहीं की या फिर किराए में इजाफा नहीं किया तो उनका यूनियन अनिश्चतकालीन हड़ताल पर चला जाएगा।
हमने सरकार को बनाया, सरकार हमें नहीं देख रही
राठोर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हम CNG के दाम में कटौती करने की मांग कर रहे हैं। अगर कीमतों में कटौती नहीं होती है, तो इससे निपटने के लिए किराए में बढ़ोतरी की जानी चाहिए। पिछले 7-8 सालों से ओला और उबर (Ola and Uber) के किराए में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एक ऑटो चालक ने कहा, महंगाई से परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकार हम गरीबों की नहीं सुनती है। सवारी से अगर हम 10 रूपए ज्यादा मांग लें तो सवारी ऑटो से उतर जाती है। हमने सरकार को बनाया लेकिन वे हमें नहीं देख रहे हैं।
दिल्ली ऑटो रिक्शा संघ (Delhi Auto Rickshaw Sangh) के राजेंद्र सोनी (Rajendra Soni) ने कहा कि CNG की कीमतों में इजाफा जारी है। ऐसे में टैक्सी, कैब और ऑटो चालकों के लिए जीना मुहाल हो गया है। सोनी ने आगे कहा कि हमने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को पत्र लिखा है। जिसमें CNG पर 35 रुपये प्रति किलोग्राम सब्सिडी की मांग की है। सोनी ने भी कहा कि है मांग पूरी नहीं होने पर 18 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। बता दें कि पिछले 6 दिनों से CNG की कीमतों में इजाफा जारी है।