CNG Price: दिल्लीवालों को आज से एक और झटका लगने वाला है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमटेड (IGL) ने आज से दिल्ली में सीएनजी की कीमत 2.5 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 66.62 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी है। गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लिए सीएनजी की कीमत 69.18 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है, जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 74.94 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। कुल मिलाकर इस साल अकेले सीएनजी की कीमतों में करीब 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। पिछले महीने से सीएनजी की कीमतों में सातवीं बार रिवीजन किया गया है।
दिल्ली-NCR में बीते शुक्रवार को भी सीएनजी (CNG) के दाम 80 पैसे प्रति किलो बढ़ाए गए थे। वहीं पाइप के जरिए घरों पहुंचाई जाने वाली रसोई गैस (PNG) की कीमतों में 5 रुपये प्रति क्यूबिक मीटर बढ़ोतरी की गई। 31 मार्च को सरकार ने देश में उत्पादित नैचुरल गैस की कीमतों के दाम दोगुने से अधिक बढ़ाने का फैसला किया था। इसी के बाद आज CNG-PNG के दाम में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCT) में CNG की कीमत 66.62 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। IGL दिल्ली और आस-पास के इलाकों में CNG और PNG की रिटेल बिक्री करती है।
पेट्रोल के दाम भी 10 रुपये तक बढ़ चुके हैं
22 मार्च से पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ना शुरू हुई थी। अब तक बीते 16 दिनों में 14 बार रेट बढ़ाए गए हैं। अभी तक कुल मिलाकर पेट्रोल की कीमतों में 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है।