Delhi Weekend Curfew: राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना महामारी की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को हुई शीर्ष कोविड -19 प्रबंधन निकाय दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक के बाद दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू (Delhi Weekend Curfew) और दुकानों को खोलने के लिए लागू किए ऑड-ईवन सिस्टम को हटाने का फैसला किया गया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हालांकि दिल्ली में नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) जारी रहेगा। वहीं, डीडीएमए अगली बैठक में स्कूल खोलने के फैसले पर विचार करेगा। एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दिल्ली में वीकेंड कर्फ्यू खत्म हो गई है, हालांकि नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा।
DDMA की अगली बैठक में स्कूलों को खोलने पर विचार होगा। शादियां अधिकतम 200 लोगों या 50 फीसदी क्षमता के साथ होंगी। जबकि बार, रेस्तरां और सिनेमा हॉल भी 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलेंगे। सरकारी कार्यालय भी 50 फीसदी क्षमता के साथ काम करेंगे।
दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) अनिल बैजल (Anil Baijal) ने राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना की स्थिति को लेकर गुरुवार को दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA) की बैठक की अध्यक्षता की। डीडीएमए की इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) भी मौजूद थे।
पिछले हफ्ते दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के सभी निजी कार्यालयों को कंटेनमेंट जोन के बाहर 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ कार्य करने की अनुमति दी थी। हालांकि, डीडीएमए ने निजी कार्यालयों को ऑफिस टाइमिंग, उपस्थिति और कर्मचारियों की मात्रा को कम करने की सलाह दी थी।
इससे पहले महीने में DDMA ने COVID-19 मामलों को रोकने के लिए शनिवार और रविवार को दिल्ली में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया था। सूत्रों ने कहा कि प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला दिल्ली में कोविड-19 के मामलों की घटती संख्या को देखते हुए लिया गया है।
कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर लगाया गया वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू है। दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 7,498 नए मामले सामने आए और महामारी से 29 मरीजों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दर 10.59 प्रतिशत दर्ज की गई।
इस दौरान 11,164 लोग स्वस्थ हो गए, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में कुल ठीक होने वालों की संख्या 17,46,972 हो गई है। वहीं, अस्पतालों में कोविड-19 के मरीजों के लिए रिजर्व बिस्तरों में से 15 प्रतिशत से भी कम बिस्तरों पर मरीज हैं। इससे पहले राजधानी में मंगलवार को कोविड-19 के 6,028 नए मामले सामने आए थे और 31 मरीजों की मौत हुई थी।