Sundar Pichai: गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने राष्ट्रपति कोविंद और PM पीएम मोदी को 'पद्म भूषण' के लिए दिया धन्यवाद

Microsoft के सीईओ सत्या नडेला और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है

अपडेटेड Jan 27, 2022 पर 2:06 PM
Story continues below Advertisement
Sundar Pichai ने गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण (Padma Bhushan) के लिए नामित किए जाने के बाद गूगल (Google) के सीईओ सुंदर पिचाई (Sundar Pichai) ने गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रपति कोविंद, पीएम मोदी और पद्म पुरस्कार पैनल को धन्यवाद देते हुए सुंदर पिचाई ने एक बयान में कहा कि मैं इस सम्मान के लिए पद्म पुरस्कार समिति, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत के लोगों का बहुत आभारी हूं।

Budget 2022: उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू 31 जनवरी को राज्यसभा के नेताओं के साथ करेंगे वर्चुअल बैठक


उन्होंने आगे कहा कि लोगों के इस सम्मानित ग्रुप में शामिल होना और भी सार्थक हो गया है, जिनका अपने-अपने क्षेत्रों और समुदायों पर गहरा प्रभाव पड़ा है। पिचाई ने कहा कि मैं उनके साथ इस पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए विनम्र हूं।

इसके पहले पिचाई ने उन्हें बधाई देने वाले कुछ ट्वीट्स को "लाइक" किया था। इनमें अमेरिका में भारतीय दूतावास और राजदूत के पद के ट्वीट शामिल हैं। भारतीय दूतावास ने 25 जनवरी को ट्वीट किया था, "कुलिनरी एंड टेक्नोलॉजी सेक्टर्स में उनके विशिष्ट योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित होने के लिए @madhurjaffrey @satyanadella और @sundarpichai को बधाई।"

माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला और गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला (Satya Nadella) इस साल पद्म भूषण के लिए नामित भारतीय मूल के दूसरे CEO हैं।

दोनों को "व्यापार और उद्योग" श्रेणी में नामित किया गया है। माइक्रोसॉफ्ट के अध्यक्ष और CEO सत्य नडेला 1992 में कंपनी में शामिल हुए थे। फरवरी, 2014 में सीईओ बनाए जाने से पहले, उन्होंने कंपनी में उद्यम और उपभोक्ता व्यवसायों दोनों में नेतृत्व स्तर पर भूमिका निभाई।

मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले नडेला ने मेंगलूर यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की। वहीं, अल्फाबेट इंक और इसकी सहायक कंपनी, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का जन्म चेन्नई में हुआ था और उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की। वह 2004 में गूगल में शामिल हुए थे।

अगस्त, 2015 में उन्हें गूगल का सीईओ बनाया गया। इसके अलावा व्यापार और उद्योग जगत से पद्म श्री सम्मान हासिल करने वालों में रूपा एंड कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष प्रहलाद राय अग्रवाल और चंडीगढ़ स्थित जगजीत सिंह दर्दी शामिल हैं।

पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री में प्रदान किए जाते हैं। पुरस्कार विभिन्न विषयों या गतिविधियों के क्षेत्रों, जैसे- कला, सामाजिक कार्य, सार्वजनिक मामले, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा, आदि- में योगदान के लिए दिए जाते हैं।

गृह मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रपति ने इस वर्ष दो दोहरे मामलों सहित 128 पद्म पुरस्कारों को प्रदान करने की मंजूरी दी। दोहरे मामले में, पुरस्कार की गणना एक के रूप में की जाती है।इस सूची में चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार पाने वालों में 34 महिलाएं हैं ।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।