इस बार देश में गर्मी और लू का कहर देखने को मिल रहा है। कई लोगों की मौत लू के कारण हो गई है। अस्पतालों में गर्मी और लू से बीमार हुए लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इमरजेंसी विभाग में भी हर दिन हीट स्ट्रोक का शिकार हुए मरीज सामने आ रहे हैं। पिछले 36 घंटे में भीषण गर्मी की वजह से कम से कम 32 और लोगों की मौत हो गई है। इसमें 20 लोगों की मौत केंद्रीय सरकारी अस्पतालों में हुई है। वहीं दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में 12 लोगों की मौत हो गई है। इस तरह से दिल्ली में अब तक 70 लोगों की मौत हो गई है।
पिछले दो हफ्तों में दिल्ली में लू लगने से ज्यादातर लोगों की मौत हुई है। मौत का यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। इसकी वजह ये है कि अभी तक ज्यादातर अस्पतालों से मौत के आंकड़े आसानी से नहीं मिल पा रहे हैं।
सफदरजंग अस्पताल में 13 लोगों की मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार से अब तक सफदरजंग अस्पताल में भीषण गर्मी की वजह से 13 लोगों की मौत हो गई है। इससे अस्पताल में कुल मौतों की संख्या 24 हो गई है। सफदरजंग अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, मौजूदा समय में अस्पताल में 47 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 29 लोगों की हालत बेहद गंभीर है। ये सभी मरीज भीषण गर्मी से पीड़ित हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी से पीड़ित मरीज अभी भी अस्पताल में आ रहे हैं।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 5 लोगों की मौत
वहीं राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में पिछले दो दिन में 22 मरीज लाए गए। अस्पताल में 5 मरीजों की मौत हो गई है। 12 से 13 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। अस्पताल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को कोई अन्य बीमारी नहीं थी। जब ऐसे लोग अस्पताल आते हैं, तो उनके शरीर का तापमान दर्ज किया जाता है और यदि यह 105 डिग्री फारेनहाइट से अधिक पाया जाता है तथा कोई अन्य कारण नहीं होता है, तो उन्हें लू से पीड़ित मरीज घोषित कर दिया जाता है।