कोरोना वायरस (Covid-19) के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लगाया गया वीकेंड कर्फ्यू (Weekend Curfew) और दुकानों को खोलने के लिए लागू किए ऑड-ईवन सिस्टम फिलहाल जारी रहेगा। हालांकि, निजी दफ्तर 50 फीसदी क्षमता के साथ खुल सकेंगे। वीकेंड कर्फ्यू हटाने के केजरीवाल सरकार के प्रस्ताव को दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) अनिल बैजल (Anil Baijal) ने खारिज कर दिया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने वीकेंड कर्फ्यू को हटाने के लिए उपराज्यपाल अनिल बैजल को सिफारिश भेजा था। हालांकि, उपराज्यपाल अभी भी मानते हैं कि प्रतिबंधों को हटाने की अनुमति देने से पहले कोरोना की स्थिति को और स्थिर करने की आवश्यकता है।
केजरीवाल सरकार ने वीकेंड कर्फ्यू हटाने, दुकानों को खोलने के लिए ऑड-ईवन सिस्टम को समाप्त करने और राष्ट्रीय राजधानी में निजी कार्यालयों को 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ संचालित करने की अनुमति देने का प्रस्ताव भेजा था।
सीएम अरविंद केजरीवाल की तरफ से शुक्रवार को इस प्रस्ताव को उपराज्यपाल अनिल बैजल की मंजूरी के लिए भेजा गया था। सूत्रों ने कहा कि प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला दिल्ली में कोविड-19 के मामलों की घटती संख्या को देखते हुए लिया गया है।
एलजी हाउस की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि दिल्ली के उपराज्यपाल ने निजी दफ्तरों को 50 फीसदी उपस्थिति के साथ काम करने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, वीकेंड कर्फ्यू और बाजारों को खोलने के संबंध में लागू ऑड-ईवन फॉर्मूले को यथास्थिति बनाए रखा जाए और इस विषय में तब निणर्य लिया जाए जब कोरोना की स्थिति में और सुधार हो।
कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर लगाया गया वीकेंड कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह पांच बजे तक लागू है। अगर उपराज्यपाल दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को अनुमति दे दिए होते तो यह कर्फ्यू खत्म हो जाता।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के 12,306 नए मामले आए थे तथा 43 लोगों की मौत हो गई। जबकि, संक्रमण दर घटकर 21.48 प्रतिशत हो गई।