दिल्ली: MCD स्कूल की लेडी टीचर बनी हैवान! 5वीं क्लास की छात्रा को पहली मंजिल से नीचे फेंका, बच्ची की हालत गंभीर

MCD स्कूल की महिला टीचर्स ने पहले बच्ची को पेपर कटर से मारा और फिर पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया

अपडेटेड Dec 16, 2022 पर 6:11 PM
पुलिस ने कहा कि आरोपी महिला टीचर को हिरासत में ले लिया गया है

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एक प्राइमरी स्कूल (Primary School) की लेडी टीचर की हैरान करने वाली हैवानियत सामने आई है। दिल्ली के मॉडल बस्ती में स्थित सरकारी स्कूल की एक महिला टीचर (Lady Teacher) ने पांचवीं कक्षा की छात्रा पर कथित तौर पर कैंची से हमला किया और फिर उसे स्कूल की पहली मंजिल से नीचे फेंका दिया। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि आरोपी टीचर को हिरासत में ले लिया गया है।

एक अधिकारी ने कहा कि इस घटना के बाद मध्य दिल्ली के मॉडल बस्ती इलाके में स्थित प्राइमरी स्कूल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया गया। बच्ची के सिर में चोट आई है और वो बच्ची दिल्ली के अस्पताल में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि आरोपी लेडी टीचर की पहचान गीता देशवाल (Gita Deshwal) के रूप में हुई है। उसने पहले छात्रा पर एक छोटी कैंची से हमला किया और फिर उसे पहली मंजिल से नीचे फेंक दिया। उन्होंने कहा कि घायल छात्रा का इलाज हिंदू राव अस्पताल में किया जा रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


ये भी पढ़ें- Avatar 2 Movie Review: अद्भुत और अकल्पनीय दुनिया में ले जाती है 'अवतार: द वे ऑफ वॉटर', जेम्‍स कैमरून के मुरीद हुए फैंस

मध्य दिल्ली की DCP श्वेता चौहान ने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 307 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी टीचर को हिरासत में ले लिया गया है।

चौहान ने कहा, "मॉडल बस्ती में एक स्कूल में एक टीचर आज हिंसक हो गईं। उन्होंने कमरा अंदर से बंद कर के बच्चों के बॉटल तोड़ दिए। एक बच्ची पर उन्होंने कैंची से हमला किया, उसके बाद उसको क्लास के पास की बालकनी से नीचे फेंक दिया। बच्ची के सिर पर 2-3 जगह चोटें आई।"

दिल्ली नगर निगम (MCD) के एक अधिकारी ने कहा कि तत्काल प्रभाव से आरोपी टीचर को निलंबित कर दिया है और आगे की जांच की जा रही है। घटना दिल्ली नगर निगम बालिका विद्यालय में सुबह करीब 11.15 बजे हुई। बच्चे ने पिता ने कहा कि ये पहले कभी नहीं हुआ था। जैसे अपना बच्चा होता है वैसे ही पराया बच्चा भी सबके बराबर होता है। बच्ची को कैंची से मारा गया है। अभी वो ठीक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।