Independence Day 2022: स्वतंत्रता दिवस से ठीक तीन दिन पहले दिल्ली पुलिस ने करीब 2,000 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने आनंद विहार इलाके से हथियार तस्करी करने वाले गैंग के 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 2,200 जिंदा कारतूस सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद हुआ है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) विक्रमजीत सिंह के अनुसार, आरोपी एक आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा लग रहे हैं। उन्होंने इस मामले में किसी आतंकी एंगल से इनकार नहीं किया। पूर्वी दिल्ली पुलिस ने आनंद विहार इलाके से 2 बैग के साथ सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए 6 आरोपियों में से दो की पहचान राशिद और अजमल के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि एक ऑटो-रिक्शा चालक ने पुलिस को दोनों के बारे में सूचना दी थी। सिंह ने एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा कि कुल 2,251 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हमें 6 अगस्त को एक ऑटो चालक से इसकी सूचना मिली थी, जिसने आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर दो लोगों को छोड़ा था।
अधिकारी ने कहा कि अब तक गिरफ्तार किए गए सभी 6 लोगों में से एक देहरादून का रहने वाला है। वह गन हाउस का मालिक है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह एक आपराधिक नेटवर्क के माध्यम से किया गया प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस आतंकी एंगल से इनकार नहीं कर रही है।
पुलिस की तरफ से अब इन आरपियों से पूछताछ की जा रही है कि ये लोग इन 2,000 कारतूस को कहां पर सप्लाई करने जा रहे थे। इसके साथ ही, इनका कहां पर इस्तेमाल होना था। इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने 15 अगस्त को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। दिल्ली पुलिस को 10 पन्ने की रिपोर्ट सौंपी गई है, जिसमें स्वतंत्रता दिवस के दिन आतंकी हमला होने की आशंका जताई गई है।
स्वतंत्रता दिवस के सुरक्षा उपायों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर 14 अगस्त को सुबह 6 बजे से 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे तक पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का कहना है कि मेट्रो ट्रेन सेवाएं सामान्य समय के अनुसार चलती रहेंगी।