जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा (Bandipore in Jammu and Kashmir) जिले में आतंकवादियों ने बिहार के एक प्रवासी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि मजबूर पर यह हमला बांदीपुर जिले के अजस इलाके में आधी रात के करीब हुआ। गोली लगने के बाद बिहार के मधेपुरा निवासी मोहम्मद अमरेज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कश्मीर जोन की पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मध्यरात्रि के दौरान, आतंकवादियों ने बांदीपोरा के सोदनारा संबल में बिहार के मधेपुरा में बेसाढ़ के निवासी प्रवासी मजदूर मोहम्मद अमरेज, पुत्र मोहम्मद जलील पर गोली चलाई और उसे घायल कर दिया।’’
पुलिस ने बताया कि अमरेज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक मजदूर के भाई ने राज्य के अधिकारियों और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से उसके भाई के शव को घर ले जाने में मदद करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि मेरे पास पैसे नहीं हैं। मैं यहां की सरकार से अनुरोध करता हूं कि वह मेरे भाई के शव को हमारे गृहनगर ले जाने में मेरी मदद करे। बांदीपोरा में गैर-स्थानीय नागरिक पर आतंकी हमले के बाद से सुरक्षाबलों ने हमलावर की तलाश में इलाके की घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू कर दी है
ये टारगेटेड किलिंग का यह मामला राजौरी में सैन्य शिविर में आतंकियों घुसपैठ की असफल कोशिश के 24 घंटों के भीतर सामने आया है। एक दिन पहले गुरुवार को आतंकियों ने सेना के शिविर पर आत्मघाती हमला किया था, जिसमें 4 जवान शहीद हो गए और दो घायल हैं। सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में दो आतंकवादी भी मारे गए थे।