Delhi Rains: दिल्ली पुलिस ने बारिश को देखते हुए जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, इन रास्तों पर मिलेगा भयानक जाम

Delhi Rains: दिल्ली, फरीदाबाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम समेत एनसीआर के शहरों में गुरुवार सुबह से रुक-रुक बारिश जारी है। इस दौरान कई बार तेज बारिश भी हुई। लोगों को जाम से रूबरू होना पड़ रहा है

अपडेटेड Sep 22, 2022 पर 7:39 PM
Delhi Rains: IMD ने बताया कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है

Delhi Rains: दिल्ली सहित पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गुरुवार सुबह से रुक-रुक कर जारी बारिश ने सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा कर दी है। शाम को पीक आवर के दौरान कार चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दिल्ली और एनसीआर के शहरों के बीच सफर वाले यात्रियों को भारी जाम से रूबरू होना पड़ सकता है।

बारिश को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर शहर भर में यातायात की आवाजाही में हो रही परेशानियों के बारे में जानकारी दी है। बारिश के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में जलजमाव भी हो गया और सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिसके कारण लंबा जाम लग रहा है।

ट्रैफिक के बारे में यात्रियों को जानकारी देने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्विटर का सहारा लिया। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया, "जलभराव के कारण महरपाल पुर रेड लाइट से महरौली की ओर जाने वाले कैरिजवे में ट्रैफिक प्रभावित है। जलभराव के कारण फिरनी रोड और टूडा मंडी रेड लाइट, नजफगढ़ पर ट्रैफिक प्रभावित है।"


एक अन्य ट्वीट में बताया, "कृपया मोती बाग जंक्शन से महात्मा गांधी मार्ग पर शांति निकेतन के पास जलजमाव के कारण धौला कुआं की ओर यात्रा करने से बचें।" दिल्ली में बारिश के मद्देनजर कई एयरलाइंस की तरफ से भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी की गई है।

दिल्ली में दूसरे दिन हुई बारिश 

दिल्ली में आज लगातार दूसरे दिन हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे कुछ इलाकों में महत्वपूर्ण सड़कों पर जलजमाव हो गया। कई इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने छिट-पुट स्थानों पर भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान अंधेरा छा सकता है। एनसीआर से मानसून की वापसी से ठीक पहले हुई ताजा बारिश से वर्षा में कमी (सितंबर में अब तक 46%) को कुछ हद तक पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे हवा भी साफ रहेगी और तापमान भी नियंत्रित रहेगा।

ये भी पढ़ें- Delhi-NCR Rains: दिल्ली में झमाझम बारिश के बाद मौसम हुआ सुहावना, गुरुग्राम में सड़कें तालाब में तब्दील, IMD ने जारी किया है अलर्ट

राजधानी में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। एयर क्वालिटी इंडेक्स दोपहर दो बजे 61 (संतोषजनक कैटेगरी) दर्ज किया गया। IMD ने बताया कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो तीन दिनों में हल्की बारिश हो सकती है। सफदरजंग वेधशाला ने सितंबर में अब तक 58.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है, जबकि सामान्य स्तर 108.5 मिलीमीटर है।

उत्तर पश्चिम भारत में अगस्त में 41.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो करीब 14 सालों के दौरान सबसे कम है। दिल्ली में एक जून से 405.3 मिलीमीटर बारिश हुई जो सामान्य 621.7 मिलीमीटर बारिश से कम है। IMD ने हाल ही में कहा था कि दक्षिण पश्चिम मानसून के लौटने की सामान्य तारीख 17 सितंबर है। अब यह सामान्य तारीख से 3 दिन बाद दक्षिण पश्चिम राजस्थान के कई हिस्सों और पास के कच्छ से लौट चुका है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।