Delhi-NCR Rains: दिल्ली में झमाझम बारिश के बाद मौसम हुआ सुहावना, गुरुग्राम में सड़कें तालाब में तब्दील, IMD ने जारी किया है अलर्ट

IMD ने हाल ही में कहा था कि दक्षिण पश्चिम मानसून के लौटने की सामान्य तारीख 17 सितंबर है। अब यह सामान्य तारीख से तीन दिन बाद दक्षिण पश्चिम राजस्थान के कई हिस्सों और पास के कच्छ से लौट चुका है

अपडेटेड Sep 22, 2022 पर 5:39 PM
साइबर सिटी के नाम से मशहूर दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया है

Delhi-NCR Rains: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर के शहरों में गुरुवार सुबह से रिमझिम बारिश जारी है। इस दौरान कई बार तेज बारिश भी हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आज कुछ जगहों पर तेज बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद गुरुवार को दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा के कुछ हिस्सों में ट्रैफिक जाम और भारी जलभराव देखा गया।

दिल्ली में लगातार दूसरे दिन बारिश

दिल्ली में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे कुछ इलाकों में महत्वपूर्ण सड़कों पर जलजमाव हो गया और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग यानी IMD ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। साथ ही छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान यातायात बाधित हो सकता है। वहीं, कच्ची सड़कों एवं कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है।


ये भी पढ़ें- Sri Lanka Inflation Rate: आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका में महंगाई दर बढ़कर 70.2% हुई, खाद्य कीमतों में 84.6% की वृद्धि

NCR से मानसून की वापसी से ठीक पहले हुई ताजा बारिश से वर्षा में कमी (सितंबर में अब तक 46 फीसदी) को कुछ हद तक पूरा करने में मदद मिलेगी। इससे हवा भी साफ रहेगी और तापमान भी नियंत्रित रहेगा। शहर में न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वायु गुणवत्ता सूचकांक दोपहर दो बजे 61 (संतोषजनक कैटेगरी) दर्ज किया गया।

अगले 3 दिन तक बारिश की चेतावनी

IMD ने बताया कि दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले 2-3 दिनों में हल्की बारिश हो सकती है। सफदरजंग वेधशाला ने सितंबर में अब तक 58.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है, जबकि सामान्य स्तर 108.5 मिलीमीटर है। उत्तर पश्चिम भारत में अगस्त में 41.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो करीब 14 वर्षों में सबसे कम है। दिल्ली में एक जून से 405.3 मिलीमीटर बारिश हुई जो सामान्य 621.7 मिलीमीटर बारिश से कम है।

गुरुग्राम में सड़कें जलमग्न

साइबर सिटी के नाम से मशहूर दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भारी बारिश के चलते कई सड़कों पर पानी भर गया है। गुरुवार सुबह से हो रही तेज बारिश के दौरान शहर की तमाम सड़कें पानी में डूब गई हैं। नीचली इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। भारी बारिश होने के बाद दिल्ली से जयपुर हाईवे को जाने वाली मुख्य लेन पर 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुग्राम में अगले दो दिनों तक गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम में बुधवार को 3.8 मिमी बारिश हुई थी, जिससे उमस भरे मौसम से कुछ राहत मिली। दोपहर 12 बजे के आसपास हल्की बारिश शुरू हुई और दोपहर 12.20 बजे तक जारी रही, बाकी दिन आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि, गुरुवार को सुबह से ही रूक-रूक कर बारिश हो रही है, जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।