Sri Lanka Inflation Rate: आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका में महंगाई दर बढ़कर 70.2% हुई, खाद्य कीमतों में 84.6% की वृद्धि

महंगाई का यह आंकड़ा ऐसे समय सामने आया जब लगभग 2.2 करोड़ लोगों का देश एक अभूतपूर्व आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। आर्थिक संकट की वजह से भोजन, दवा और ईंधन जैसी बुनियादी आवश्यक चीजों की कमी पैदा हो गई है

अपडेटेड Sep 22, 2022 पर 4:39 PM
Story continues below Advertisement
रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई के कारण, 2021 में इसी अवधि की तुलना में खाद्य कीमतों में 84.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई

Sri Lanka Inflation Rate: वर्ष 1948 में देश को आजादी मिलने के बाद से अब तक के सबसे खराब आर्थिक संकट से जुझ रहे श्रीलंका की अगस्त में महंगाई दर ( inflation rate) बढ़कर 70.2 प्रतिशत हो गई। आधिकारिक आंकड़ों से गुरुवार को यह जानकारी मिली है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, महंगाई के कारण, 2021 में इसी अवधि की तुलना में खाद्य कीमतों में 84.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

पिछले महीने अगस्त में सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका ने कहा था कि उसे मुद्रास्फीति में कमी की उम्मीद है, क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था लगभग 70 फीसदी के शिखर पर पहुंचने के बाद धीमी हो गई थी। इस महीने की शुरुआत में जारी आधिकारिक आंकड़ों से पता चला कि संकटग्रस्त पड़ोसी देश की अर्थव्यवस्था अगस्त के अंत तक तीन महीनों में 8.4 फीसदी तक सिकुड़ गई है।

श्रीलंका में लोगों को हो रही खाने-पीने की परेशानी


यह आंकड़ा ऐसे समय सामने आया जब लगभग 2.2 करोड़ लोगों का देश एक अभूतपूर्व आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। आर्थिक संकट की वजह से भोजन, दवा और ईंधन जैसी बुनियादी आवश्यक चीजों की कमी पैदा हो गई है।

इस महीने की शुरुआत में श्रीलंका ने 2.9 अरब डॉलर के लोन के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के साथ प्रारंभिक समझौता किया। हालांकि, यह समझौता देश में निजी लेनदारों से धन प्राप्त करने पर भी टिका है।

ये भी पढ़ें- श्रीलंका को इस साल कर्ज देने में सबसे आगे रहा भारतः वेराइट रिसर्च थिंक-टैंक

देश की आर्थिक समस्याओं की सीमा और इसके लोन के पुनर्गठन के प्रस्ताव पर चर्चा करने के लिए श्रीलंकाई सरकार के अधिकारी कल यानी शुक्रवार को लेनदारों से मिलने वाले हैं। भारत और श्रीलंका ने आर्थिक संकट से जूझ रहे इस द्वीपीय देश के द्विपक्षीय आधिकारिक कर्ज के पुनर्गठन पर पिछले सप्ताह पहले दौर की बातचीत की थी।

भारत ने दिया सबसे ज्याद कर्ज

साल 2022 के दौरान भारत ने अपने पड़ोसी देश को 37.7 करोड़ डॉलर का कर्ज दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के बाद एशियाई विकास बैंक (ADB) इस अवधि में श्रीलंका को 36 करोड़ डॉलर का कर्ज देकर दूसरा बड़ा कर्जदाता बना है।

कोरोना महामारी से पहले, श्रीलंका अमेरिकी डॉलर सहित अन्य विदेशी करेंसी के लिए पर्यटन पर बहुत अधिक निर्भर था। हालांकि, कोविड -19 की वजह से पर्यटक श्रीलंका नहीं जा पाए, जिस वजह से देश की अर्थव्यवस्था पर एक बड़ा असर पड़ा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।