Delhi Flood Alert: दिल्ली में मंडराया बाढ़ का खतरा, यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार

Delhi Flood Alert: देशभर में जारी मूसलाधार बारिश बारिश के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यमुना नदी का जलस्तर तेजी बढ़ रहा है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार पहुंच गया है। यमुना में खतरे का निशान 204.50 मीटर है और सोमवार दोपहर 1 बजे तक यमुना का जलस्तर 204.63 मीटर दर्ज किया गया। दोपहर 1 बजे 1,90,837 क्यूसेक पानी हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़ा गया है, जिसके बाद राजधानी में बाढ़ आने की आशंका बढ़ गई है

अपडेटेड Jul 10, 2023 पर 3:55 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Flood Alert: दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा है कि उनकी सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर रही है

Delhi Flood Alert: देशभर में जारी मूसलाधार बारिश बारिश के बीच राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। यमुना नदी का जलस्तर तेजी बढ़ रहा है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के पार पहुंच गया है। यमुना में खतरे का निशान 204.50 मीटर है और सोमवार दोपहर 1 बजे तक यमुना का जलस्तर 204.63 मीटर दर्ज किया गया। दोपहर 1 बजे 1,90,837 क्यूसेक पानी हथिनीकुंड बैराज से यमुना में छोड़ा गया है, जिसके बाद राजधानी में बाढ़ आने की आशंका बढ़ गई है। दिल्ली सरकार ने हरियाणा द्वारा हथिनीकुंड बराज से यमुना नदी में 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की।

दिल्ली की लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने ANI से कहा, "बाढ़ को लेकर दिल्ली सरकार की पूरी तैयारी है। पानी का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 2 दिनों में ही पानी 8-10 फूट बढ़ चुका है। अगले 24 घंटे में 10-12 फूट पानी बढ़ने की उम्मीद है। हमारा अनुमान है कि हमें करीब 30 हजार लोगों को निकालने की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए हमारी पूरी तैयारी हो गई है।"

उन्होंने आगे कहा, "यमुना में तेजी से पानी आ रहा है। कल (सोमवार) सुबह करीब 45,000 क्यूसेक पानी हर घंटे छोड़ा जा रहा था। ये अब करीब तीन लाख क्यूसेक प्रति घंटा हो गया है। इस पानी को आने में 36 से 48 घंटे का समय लगता है, तो हमें लगता है कि कल (मंगलवार) सुबह 10 से 11 बजे तक यमुना का पानी डेंजर लेवल तक पहुंच जाएगा।" आतिशी ने कहा है कि उनकी सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर रही है।


लोक निर्माण विभाग मंत्री ने निकासी और राहत कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि भारत के उत्तरी राज्यों में मूसलाधार वर्षा के कारण दिल्ली में यमुना की ओर पानी बहुत तेजी बढ़ रहा है। पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण दिल्ली-NCR समेत देश के कई शहरों में सड़कों पर पानी जमा हुआ है। भारी बारिश के कारण कई राज्यों में हो रही तबाही के बीच पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात की और हालात का जायजा लिया है।

केजरीवाल बोले- 'बाढ़ की स्थिति संभवत: पैदा नहीं होगी'

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि यमुना के 206 मीटर के निशान को छूने पर नदी के आस-पास के निचले इलाकों से लोगों को निकालना शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि एक्सपर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ की स्थिति संभवत: पैदा नहीं होगी। मूसलाधार बारिश और यमुना के बढ़ते जल स्तर पर बैठक करने के बाद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार स्थिति पर निकटता से नजर रख रही है और इससे निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

उन्होंने कहा, "अप्रत्याशित बारिश ने लोगों के लिए समस्या पैदा कर दी है और दिल्ली की प्रणाली इसे झेलने में सक्षम नहीं थी। बारिश के बाद हर साल कुछ इलाकों में पानी भर जाता है और कुछ ही घंटों में पानी निकल जाता है, लेकिन 153 मिलीमीटर बारिश अप्रत्याशित है। ऐसा करीब 40 साल पहले हुआ था।" मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केंद्रीय जल आयोग के संपर्क में हैं और उन्होंने दावा किया कि मौसम की भविष्यवाणियों से संकेत मिलता है कि भले ही और बारिश होगी, लेकिन भारी बारिश नहीं होगी।

सीएम ने कहा, " दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर 203.58 मीटर है। कल सुबह इसके 205.5 मीटर तक पहुंचने की आशंका है। साथ ही, मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, यमुना में जल स्तर बहुत अधिक बढ़ने की उम्मीद नहीं है। अगर यमुना 206 मीटर के निशान को पार करती है, तो हम नदी के किनारे निकासी शुरू कर देंगे।"

ये भी पढ़ें- Tomato Price Hike: महंगाई की मार, अभी और बढ़ेंगे टमाटर के दाम! जानिए क्यों?

उन्होंने कहा कि बारिश की वजह से सड़कों पर कुछ गड्ढे हो गए होंगे। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इन्हें पत्थरों से भरा जाएगा। हमने सड़क धंसने की घटनाओं की भी जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने कहा कि यह एक दूसरे पर उंगली उठाने का समय नहीं है। सभी प्रभावित राज्यों की सरकारों को जनता को राहत देने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।