Delhi Floods: यमुना नदी के जलस्तर में कमी आने के बाद धीरे-धीरे लोगों की जिंदगी अब पटरी पर लौट रही है। उत्तरी दिल्ली के लोग अपनी दुकानों और घरों की तरफ लौटने लगे हैं। ये लोग बाढ़ आने के कारण अपने घरों और दुकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए थे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने सोमवार को एक ट्वीट में कहा कि पानी नीचे जाने लगा है। अब लोग राहत कैंपों से अपने घर वापिस जाएंगे। हमें उनकी जिंदगी सामान्य करने में उनकी मदद करनी है। मेरी सब लोगों से अपील है कि तन, मन, धन से लोगों की मदद करें। ये पुण्य का काम है। राष्ट्रीय राजधानी में आज यानी सोमवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति के बीच बंद हुए वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ने 54 MGD शोधित पानी का उत्पादन शुरू कर दिया है और वह जल्द की अपनी पूर्ण क्षमता से काम शुरू करेगा। इस प्लांट की 134 MGD (10 लाख गैलन प्रतिदिन) शोधित पानी उत्पादित करने की क्षमता है। यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण पिछले गुरुवार को तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला बंद कर दिए गए थे। ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन शुक्रवार को बहाल हुआ था।
- राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को हल्की बारिश होने के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को दिन की शुरुआत उमस भरे मौसम के साथ हुई। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
- मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह साढ़े 8 बजे से सोमवार सुबह साढ़े 8 बजे के बीच 8 मिलीमीटर बारिश हुई। शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
- बाढ़ के कारण प्रशासन को ITO बैराज के जाम हो चुके द्वारों को खोलने के लिए नौसेना की मदद लेनी पड़ी। नौसेना ने शुक्रवार को बैराज का एक गेट खोल दिया, जबकि 32 में से चार गेट अब भी जाम हैं।
- यमुना के जलस्तर में सोमवार सुबह कमी दर्ज की गई है। सुबह 7 बजे जलस्तर 205.48 मीटर रिकार्ड किया गया। सुबह 7 बजे से तीन घंटे पहले तक जलस्तर 205.45 मीटर था।
- रविवार को यमुना नदी का जलस्तर 205.98 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को रात आठ बजे यह 208.66 मीटर पर था।
- यमुना नदी में जलस्तर शनिवार को घटना शुरू हुआ था, लेकिन देर शाम को बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव से स्थिति और बिगड़ गई।
- भारी बारिश और बाढ़ से राहत मिलने बाद दिल्ली पुलिस ने रविवार को भैरों मार्ग समेत अन्य रास्ते वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिए। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को बाढ़ की स्थिति सुधरने के साथ भैरों मार्ग समेत अन्य रास्ते वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिए गए।
- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, ISBT कश्मीरी गेट से तिमारपुर और सीविल लाइन्स (माल रोड की तरफ) तक रिंग रोड को भी खोल दिया गया है।
- इसके अलावा, सराय काले खां से IP फ्लाईओवर और राजघाट तक के रिंग रोड को केवल हल्के वाहनों के लिए खोला गया है। हालांकि शांति वन से मंकी ब्रिज और यमुना बाजार से आईएसबीटी तक के रिंग रोड के हिस्से को अब भी वाहनों के लिए बंद रखा गया है।
- ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, मजनू का टीला से हनुमान सेतु तक रिंग रोड बंद है। आईपी कॉलेज से चंदगीराम अखाड़ा के बीच का रास्ता भी बंद है। चंदगीराम अखाड़ा से शांति वन तक के मार्ग को कीचड़ जमा होने के कारण नहीं खोला गया है क्योंकि इससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।