छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की राजधानी रायपुर (Raipur) में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में 22 साल के मशहूर यूट्यूबर देवराज पटेल (Devraj Patel) की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पटेल के यूट्यूब चैनल का नाम 'दिल से बुरा लगता है' (Dil Se Bura Lagta Hai) है। चैनल के चार लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं और उसे 8.80 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है। पटेल को मजाकिया अंदाज और मजेदार वीडियो के लिए पसंद किया जाता था।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पटेल के निधन पर दुख जताया और कहा, "हम सबको हंसाने वाले देवराज पटेल आज हमारे बीच से चले गए।" पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के लाभांडी इलाके में आज दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे एक ट्रक ने पटेल की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस घटना में मोटरसाइकिल के पीछे बैठे पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि पटेल वीडियो बनाने के लिए 'नया रायपुर' गए थे। जब वह शहर के अवंती विहार कॉलोनी में अपने किराए के मकान में लौट रहे थे। तभी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में मोटरसाइकिल ड्राइवर और उनका दोस्त सुरक्षित बच गया और उसने एम्बुलेंस को फोन किया। बाद में पटेल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में ज्यादा जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा, "दिल से बुरा लगता है, से करोड़ों लोगों के बीच अपनी जगह बनाने वाले, हम सबको हंसाने वाले देवराज पटेल आज हमारे बीच से चले गए। इस बाल उम्र में अद्भुत प्रतिभा की क्षति बहुत दुखदायी है। ईश्वर उनके परिवार और चाहने वालों को यह दुख सहने की शक्ति दे। ओम् शांति:।"
राज्य के महासमुंद जिले के रहने वाले पटेल ने फेमस यूट्यूबर भुवन बाम के साथ कॉमेडी वेब सीरीज ढिंढोरा में काम किया था।
पटेल ने 2021 में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ उनके सरकारी आवास पर एक वीडियो शूट किया था, जिसमें उन्होंने कहा था, ''छत्तीसगढ़ में केवल दो व्यक्ति प्रसिद्ध हैं। मैं और हमारा 'कका' (राज्य में बघेल को कका कहा जाता है, जिसका मतलब चाचा होता है)''