RBI ने बैंकों के लिए 10 अगस्त को एक बड़ा ऐलान किया। केंद्रीय बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा कि बैंकों को इंक्रिमेंटल 10 फीसदी कैश रिजर्व रेशियो (CRR) मेंटेन करना होगा। यह नियम 12 अगस्त से लागू हो जाएगा। केंद्रीय बैंक ने बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी कम करने के लिए यह फैसला किया है। उसका मानना है कि 2,000 रुपये के करेंसी नोट के RBI के वापस ले लेने के बाद बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी जरूरत से ज्यादा हो गई है। केंद्रीय बैंक ने 19 मई को 2,000 रुपये के नोट को वापस लेने का ऐलान किया था। उसने कहा था कि जिन लोगों के पास 2000 रुपये के नोट हैं, वो इसे एक्सचेंज कर सकते हैं या अपने बैंक अकाउंट में डिपॉजिट कर सकते हैं। RBI ने 1 अगस्त को कहा था कि 31 जुलाई तक बैंकिंग सिस्टम में 3.14 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 2,000 रुपये के नोट वापस आ गए थे।
