GST Collection : सितंबर महीने में भारत सरकार का गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) कलेक्शन सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़ा है। यह बढ़कर 1.62 लाख करोड़ रुपये हो गया है। मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान यह चौथी बार है जब GST कलेक्शन ने 1.6 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। पिछले महीने सरकार का ग्रॉस जीएसटी रेवेन्यू 1,62,712 करोड़ रुपये रहा। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सितंबर 2023 में राजस्व पिछले साल के समान महीने के 1.47 लाख करोड़ रुपये के जीएसटी राजस्व से 10 फीसदी अधिक है।
जीएसटी कलेक्शन से जुड़े आंकड़े
सितंबर महीने के जीएसटी कलेक्शन में से सेंट्रल जीएसटी 29,818 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, स्टेट जीएसटी 37,657 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी 83,623 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्र 41,145 करोड़ रुपये सहित) रहा। इसके अलावा, सरकार ने सेस के जरिए 11,613 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्र 881 करोड़ रुपये सहित) जुटाए हैं।
GST कलेक्शन चौथी बार 1.60 लाख करोड़ के पार
वित्त मंत्रालय ने आगे कहा, “इस महीने के दौरान डोमेस्टिक ट्रांजेक्शन (सेवाओं के आयात सहित) से राजस्व पिछले साल के इसी महीने के दौरान इन स्रोतों से प्राप्त राजस्व से 14 फीसदी अधिक है। यह चौथी बार है कि वित्त वर्ष 2023-24 में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1.60 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है।"