Credit Cards

भारत 2030 तक बन जाएगा एशिया में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, S&P Global का अनुमान

मार्च 2024 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में भारत का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 6.2-6.3 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था इस वित्त वर्ष में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था होगी। अप्रैल-जून तिमाही में एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही

अपडेटेड Oct 24, 2023 पर 4:06 PM
Story continues below Advertisement
भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और 2030 तक 7300 अरब अमेरिकी डॉलर की जीडीपी के साथ जापान को पछाड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना है। वहीं एशिया में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। S&P ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस ने अपने लेटेस्ट खरीद प्रबंधक सूचकांक (PMI) में यह बात कही। साल 2021 और 2022 में दो सालों की तेज आर्थिक वृद्धि के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था ने 2023 वित्त वर्ष में भी लगातार मजबूत ग्रोथ दिखाना जारी रखा।

FY24 में 6.2-6.3 फीसदी GDP ग्रोथ का अनुमान

मार्च 2024 में समाप्त होने वाले वित्त वर्ष में भारत का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 6.2-6.3 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है। इससे भारतीय अर्थव्यवस्था इस वित्त वर्ष में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था होगी। अप्रैल-जून तिमाही में एशिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। एसएंडपी ग्लोबल ने कहा, "निकट अवधि के इकोनॉमिक आउटलुक में 2023 के शेष के समय और 2024 में लगातार तेज विस्तार का अनुमान है, जो घरेलू मांग में मजबूत ग्रोथ पर आधारित है।’’


अमेरिकी डॉलर के संदर्भ में मापी गई भारत की वर्तमान कीमतों की जीडीपी 2022 में 3500 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 2030 तक 7300 अरब अमेरिकी डॉलर होने का अनुमान है। आर्थिक विस्तार की इस तेज गति के चलते 2030 तक भारतीय जीडीपी का आकार जापानी जीडीपी से अधिक हो जाएगा, जिससे भारत एशिया-प्रशांत क्षेत्र में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।"

अभी अमेरिका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

अमेरिका वर्तमान में 25500 अरब अमेरिकी डॉलर की जीडीपी के साथ दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। इसके बाद चीन 18000 अरब अमेरिकी डॉलर के साथ दूसरी और जापान 4200 अरब डॉलर के साथ तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। वहीं भारतीय जीडीपी का आकार 2022 तक ब्रिटेन और फ्रांस की जीडीपी से भी बड़ा हो चुका था। 2030 तक भारत की जीडीपी जर्मनी से भी आगे निकलने का अनुमान है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।