कुछ महीने बाद ही महंगाई से मिलेगी निजात, सरकार ने अपनी रिपोर्ट में बताई वजह

सरकार का मानना है कि प्याज के एक्सपोर्ट पर ड्यूटी लगाने से इसके निर्यात में कमी आएगी, जिससे घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ने से इसकी कीमतें काबू में रहेंगी। पिछले कुछ दिनों से प्याज की कीमतों में उछाल आया है। इससे पहले टमाटर की कीमतें आसमान में पहुंच गई थीं। हालांकि, अब उसकी कीमतों में कमी आ रही है। लेकिन, अब भी टमाटर की खुदरा कीमत 100 रुपये प्रति किलो है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है

अपडेटेड Aug 22, 2023 पर 12:38 PM
वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल में कुछ फूड आइटम्स की कीमतों में आई तेजी अस्थाई है। अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत में टमाटर की नई फसल के बाजार में आने से इसकी कीमतों में कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा तूर दाल के ज्यादा आयात से दलहन की कीमतों में आई तेजी पर भी लगाम लगेगी।

फाइनेंस मिनिस्ट्री (Finance Ministry) ने कहा है कि अगले कुछ महीनों तक कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं। उसने कहा है कि सरकार और RBI दोनों को इस मामले में सतर्क रहने की जरूरत है। वित्त मंत्रालय ने 22 अगस्त को अपनी मंथली इकोनॉमी रिव्यू रिपोर्ट जारी की। इसमें कहा गया है कि आने वाले महीनों में डोमेस्टिक कंजम्प्शन और इनवेस्टमेंट डिमांड ग्रोथ को रफ्तार देंगे। वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता और घरेलू बाजार से जुड़ी बाधाएं इनफ्लेशनरी प्रेशर को हाई बनाए रख सकती है। ऐसे में सरकार और RBI को बहुत सावधानी बरतनी होंगी।

जुलाई में रिटेल इनफ्लेशन में उछाल

फाइनेंस मिनिस्ट्री की इस रिपोर्ट से कुछ ही दिन पहले जुलाई के रिटेल इनफ्लेशन के आंकड़े आए थे। पिछले महीने रिटेल इनफ्लेशन 7.44 फीसदी पर पहुंच गया, जो 15 महीनों का हाई लेवल है। जून में रिटेल इनफ्लेशन 4.87 फीसदी था। जुलाई में रिटेल इनफ्लेश में उछाल की बड़ी वजह सब्जियों की कीमतों में आई तेजी बताई जा रही है। सरकार ने महंगाई की दर में अचानक उछाल आने के बाद खाने-पीने की चीजों की कीमतें बढ़ने से रोकने के लिए कुछ बड़े कदम उठाए हैं। प्याज की कीमतों को बढ़ने से रोकने के लिए 19 अगस्त को इसके निर्यात पर 40 फीसदी एक्सपोर्ट ड्यूटी लगाने का ऐलान किया गया।


यह भी पढ़ें : short call : इनवेस्टर्स ने टाटा पावर को दिया दूसरा मौका, कैरेटलेन में Titan का निवेश निवेशकों को खुश नहीं कर पाया

प्याज के एक्सपोर्ट पर 40 फीसदी ड्यूटी

सरकार का मानना है कि प्याज के एक्सपोर्ट पर ड्यूटी लगाने से इसके निर्यात में कमी आएगी, जिससे घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ने से इसकी कीमतें काबू में रहेंगी। पिछले कुछ दिनों से प्याज की कीमतों में उछाल आया है। इससे पहले टमाटर की कीमतें आसमान में पहुंच गई थीं। हालांकि, अब उसकी कीमतों में कमी आ रही है। लेकिन, अब भी टमाटर की खुदरा कीमत 100 रुपये प्रति किलो है, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।

अगस्त में भी इनफ्लेशन 7 फीसदी से ज्यादा रहने का डर

इकोनॉमिस्ट्स को रिटेल इनफ्लेशन अगस्त में भी 7 फीसदी से ज्यादा रहने की उम्मीद है। यह तब है जब सरकार कीमतों को काबू में करने के लिए कई उपाय कर रही है। सरकार कई जगहों पर कम कीमत पर टमाटर बेच रही है। आम तौर पर त्याहारों का सीजन शुरू होने पर ही रिटेल इनफ्लेशन में कमी देखने को मिलती है। इसलिए कुछ इकोनॉमिस्ट्स का मानना है कि इस साल अक्टूबर तक ही रिटेल इनफ्लेशन 5 फीसदी से नीचे आएगा। उससे पहले कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है। RBI ने 10 अगस्त को मॉनेटरी पॉलिसी पेश करने के दौरान जुलाई-सितंबर के दौरान इनफ्लेशन के अनुमान को 1 फीसदी बढ़ाकर 6.2 फीसदी कर दिया था।

अक्टूबर तक कीमतों में नरमी की उम्मीद

वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल में कुछ फूड आइटम्स की कीमतों में आई तेजी अस्थाई है। अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत में टमाटर की नई फसल के बाजार में आने से इसकी कीमतों में कमी आने की उम्मीद है। इसके अलावा तूर दाल के ज्यादा आयात से दलहन की कीमतों में आई तेजी पर भी लगाम लगेगी। इसके साथ ही हाल में सरकार की तरफ से किए गए उपायों से आने वाले महीनों में फूड इनफ्लेशन सामान्य स्तर पर आ जाने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।