GST collections in 2025: भारत सरकार ने आज 2 फरवरी को जनवरी 2025 के लिए गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) कलेक्शन के आंकड़े जारी कर दिए हैं। पिछले महीने जीएसटी कलेक्शन में सालाना आधार पर 12.3 फीसदी का उछाल आया है। इस दौरान सरकार के खजाने में ₹1.96 लाख करोड़ रुपये आए। पिछले महीने यानी दिसंबर 2024 में GST कलेक्शन ₹1.76 लाख करोड़ रहा था, जो सालाना आधार पर 7.3 फीसदी अधिक है। इसके अलावा सितंबर, अक्टूबर और नवंबर 2024 में GST कलेक्शन ₹1,73,240 करोड़, ₹1,87,346 करोड़ और ₹1,82,269 करोड़ रहा।
जनवरी 2025 में सेंट्रल जीएसटी कलेक्शन 36,100 करोड़ रुपये रहा, जबकि स्टेट जीएसटी कलेक्शन 44,900 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा, इस महीने के लिए इंटीग्रेटेड जीएसटी कलेक्शन 1.01 लाख करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा, जीएसटी सेस कलेक्शन 13,400 करोड़ रुपये बताया गया।
FY26 में GST कलेक्शन 11.8 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान
केंद्रीय बजट 2025 में वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) के लिए केंद्र के GST कलेक्शन को 11.8 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वर्ष में कलेक्ट किए गए अनुमानित 10.6 लाख करोड़ रुपये से 11.3 फीसदी अधिक है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को संसद में मोदी 3.0 का दूसरा पूर्ण बजट पेश किया।