बिहार में बहार है! मिथिला यूनिवर्सिटी के छात्र को पॉलिटिकल साइंस मिले 100 में से 151 अंक, जानें पूरा मामला

दरभंगा के LNMU के छात्र ने कहा कि मैं रिजल्ट देखकर वास्तव में हैरान था। उसने बताया कि मैंने बीए ऑनर्स की भाग द्वितीय परीक्षा में पॉलिटिकल साइंस के पेपर (चतुर्थ) में 100 में से 151 अंक प्राप्त किए हैं

अपडेटेड Aug 01, 2022 पर 12:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
छात्र ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी (LNMU) में बीए (ऑनर्स) का छात्र है

बिहार के ललित नारायण मिथिला यूनिवर्सिटी (LNMU) में ग्रेजुएट के एक छात्र को हाल में जारी परीक्षा रिजल्ट में अधिकतम अंकों से अधिक अंक मिलने का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। LNMU के एक छात्र को परीक्षा में 100 में से 151 अंक प्राप्त हुए हैं। छात्र यूनिवर्सिटी में बीए (ऑनर्स) का छात्र है। उसे पाठ्यक्रम के भाग-2 में पॉलिटिकल साइंस के पेपर- 4 में यह अंक प्राप्त हुए हैं। छात्र को मिले अजब-गजब नंबर अब चर्चा का विषय बन गए हैं।

दरभंगा के LNMU के उस छात्र ने पीटीआई से कहा कि मैं रिजल्ट देखकर वास्तव में हैरान था। उसने बताया कि मैंने बीए ऑनर्स की भाग द्वितीय परीक्षा में पॉलिटिकल साइंस के पेपर (चतुर्थ) में 100 में से 151 अंक प्राप्त किए।

ये भी पढ़ें- CWG 2022: अचिंता शेउली ने कॉमनवेल्थ में भारत को दिलाया तीसरा गोल्ड, राष्ट्रपति और PM मोदी ने दी बधाई


छात्र ने आगे कहा कि हालांकि यह एक वैकल्पिक मार्कशीट है, लेकिन अधिकारियों को इसे जारी करने से पहले इसकी जांच करनी चाहिए थी। उसने बताया कि चूंकि यह टाइपिंग की गलती थी इसलिए मुझे संशोधित मार्कशीट जारी किया गया।

एक अन्य छात्र (जिसे बीकॉम भाग-दो में लेखांकन और वित्त (पेपर-4) में शून्य अंक मिले हैं) को अगली कक्षा में प्रोन्नत किया गया है। छात्र ने कहा कि यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि यह एक टाइपिंग त्रुटि थी और उन्होंने मुझे एक संशोधित मार्कशीट जारी किया है।

LNMU के रजिस्ट्रार प्रोफेसर मुश्ताक अहमद ने इस मामले में पीटीआई को बताया कि टाइपिंग की गलतियों को सुधारने के बाद दो छात्रों को नई मार्कशीट जारी की गई। यह केवल टाइपिंग संबंधी त्रुटियां थीं और कुछ नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।