PM Modi Rozgar Mela News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने 10 लाख कर्मियों के लिए शुरू की गई भर्ती 'रोजगार मेला (Rozgar Mela)' अभियान के तहत आज यानी गुरुवार (13, अप्रैल 2023) को 71,000 युवाओं को सरकारी नौकरी के अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे। बता दें कि 'रोजगार मेला' अभियान के माध्यम से भारत सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों या विभागों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने युवाओं को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संबोधित भी किया।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 70,000 से ज्यादा युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी मिली है, आप सभी को बधाई। NDA और भाजपा शासित राज्यों में सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया तेज़ गति से चल रही है। कल ही मध्य प्रदेश में 22,000 से अधिक शिक्षकों को अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल अक्टूबर में 10 लाख कर्मियों के लिए नियुक्ति अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान को ‘रोजगार मेला’ (Rojgar Mela) नाम दिया गया है। पीएम मोदी 22 अक्टूबर 2022 को पहले चरण में 75 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी के अपॉइंटमेंट लेटर सौंपे थे।
प्रधानमंत्री ने पिछले साल जून महीने में सरकार के विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों को निर्देश दिया था कि वे मिशन मोड से 10 लाख पदों पर भर्तियां करें। सभी सरकारी विभागों एवं मंत्रालयों में मानव संसाधन की स्थिति की समीक्षा के बाद प्रधानमंत्री ने यह निर्देश दिया था।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने कहा कि देश भर से चयनित युवाओं को भारत सरकार के तहत ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मास्टर, सीनियर कमर्शियल सह टिकट क्लर्क, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर, कांस्टेबल, स्टेनोग्राफर, जूनियर अकाउंटेंट, पोस्टल असिस्टेंट, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, टैक्स असिस्टेंट, सीनियर ड्राफ्ट्समैन, JE/सुपरवाइजर, असिस्टेंट प्रोफेसर, टीचर, लाइब्रेरियन, नर्स, प्रोबेशनरी ऑफिसर्स, पीए, एमटीएस जैसे विभिन्न पदों पर तैनात किया जाएगा।
PMO ने आगे कहा कि रोजगार सृजन को मुख्य प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता पूरी करने की दिशा में यह रोजगार मेला महत्वपूर्ण कदम है। उसने कहा कि रोजगार मेला रोजगार सृजन में उत्प्रेरक के रूप में कार्य करेगा और युवाओं को उनके सशक्तिकरण और राष्ट्रीय विकास में भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करेगा।