प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने विदेशी फंडिंग में अनियमितता के लिए फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट ( Foreign Exchange Management Act- FEMA) के तहत ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) इंडिया के खिलाफ मामला दर्ज किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय के जरिए यह जानकारी दी। बता दें कि इसी साल 14 फरवरी को इनकम टैक्स ने दिल्ली और मुंबई स्थित बीबीसी इंडिया के कार्यालयों में सर्वेक्षण की थी। यह सर्वेक्षण करीब 60 घंटों तक चली थी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जांच एजेंसी ने फेमा के प्रावधानों के तहत कंपनी के कुछ अधिकारियों के दस्तावेजों और बयानों की रिकॉर्डिंग भी मांगी है। फरवरी में दिल्ली और मुंबई में बीबीसी कार्यालय का आयकर विभाग द्वारा सर्वेक्षण किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने बाद में कहा था कि दिल्ली और मुंबई में बीबीसी के कार्यालयों में 58 घंटे से अधिक समय तक "सर्वे" करने वाले आयकर अधिकारियों ने ट्रांसफर प्राइसिंग डॉक्यूमेंट्स के संबंध में "महत्वपूर्ण" साक्ष्य का पता लगाया है। CBDT ने यह भी कहा कि इनकम टैक्स अधिकारियों ने ट्रांसफर प्राइसिंग डॉक्यूमेंटेशन में कई खामियां मिली हैं।
CBDT ने कहा था कि बीबीसी ग्रुप की विभिन्न संस्थाओं द्वारा दिखाई गई आय और लाभ के आंकड़े भारत में उनके परिचालन के अनुरूप नहीं है।यह बयान आयकर अधिकारियों की तरफ से ब्रिटिश मीडिया इकाई के खिलाफ तीन दिन तक चले सर्वेक्षण के एक दिन बाद आया था।
CBD ने ब्रिटिश मीडिया संगठन का नाम लिए बिना बयान में कहा था कि आयकर दलों ने कर्मचारियों के बयान, डिजिटल सबूत और दस्तावेजों के रूप में महत्वपूर्ण सबूतों का पता लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि यह बयान ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) से संबंधित है।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार BBC इंडिया पर इंटरनेशनल टैक्स में गड़बड़ी का आरोप है। सर्वे के दौरान BBC ने ट्वीट कर बताया था कि आयकर विभाग की टीम दिल्ली और मुंबई ऑफिस में मौजूद हैं। हम उन्हें पूरा सहयोग कर रहे हैं।