उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड (Uttar Pradesh Police Recruitment and Promotional Board -UPPRPB) ने यूपी पुलिस कांस्टेबल की फिर से परीक्षाओं की तारीखों का ऐलान कर दिया है। दोबारा यह परीक्षा अगस्त महीने में कराई जाएगी। इन परीक्षाओं के जरिए पुलिस कांस्टेबल के 60,244 पद भरे जाएंगे। लिखित परीक्षा 23 अगस्त से शुरू होंगी और 31 अगस्त को खत्म हो जाएंगी। कुल 5 दिन परीक्षाएं होंगी। इसमें 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को परीक्षा होगी। जन्माष्टमी की वजह से बीच 26 से 29 अगस्त तक परीक्षाएं नहीं होंगी। हर दिन दो शिफ्ट में परीक्षाएं कराई जाएंगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर एक शिफ्ट में करीब 5 लाख कैंडिडेट्स शामिल होंगे। कैंडिडेट्स आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर परीक्षा का कार्यक्रम देख सकते हैं। पुलिस की यह परीक्षा इसी साल 17 और 18 फरवरी को प्रदेश के 75 जिलों में हुई थी। लेकिन पेपर लीक की वजह से इसे कैंसिल कर दिया गया था।
UP Constable Bharti Re- Exam: 6 महीने के भीतर दोबारा परीक्षा का दिया था भरोसा
दरअसल, इस भर्ती के लिए पहली बार परीक्षा फरवरी 2024 में कराई गई थी। पूरे उत्तर प्रदेश में 48 लाख से ज्यादा कैंडिडेट्स उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए थे। लेकिन पेपर लीक हो गया और एग्जाम कैंसल करना पड़ा था। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मामले पर सख्त एक्शन लेते हुए तत्काल परीक्षा रद्द कर दी थी। इसे 6 महीने के भीतर दोबारा एग्जाम कराने का आदेश दिया था। आदेश के मुताबिक, छठे महीने में परीक्षाएं कराई जा रही हैं। इसके लिए पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस बार परीक्षा में कोई गडबड़ी न हो इसे लेकर कई लेयर्स की सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
UP Constable Bharti Exam: रोडवेज बस में फ्री में करें सफर
परीक्षा के दिन कैंडिडेट्स रोडवेज बस में फ्री में सफर कर सकेंगे। उन्हें सिर्फ अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। भर्ती बोर्ड का कहना है कि पिछली बार 2 दिन में परीक्षाएं कराई गईं थी। इस बार 5 दिन परीक्षाएं चलेंगी। बोर्ड ने बताया कि यूपी सरकार की तरफ से पेपर लीक रोकने के लिए नया कानून लागू किया गया है। इसमें पेपर लीक जैसे मामलों में एक करोड़ तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा या दोनों हो सकती है।
उत्तर प्रदेश सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए कब मिलेगा एडमिट कार्ड
उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही बर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे कहा जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने के 10 दिन पहले ऑनलाइन एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे।