Allu Arjun: तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को जमानत मिलने के बाद भी एक रात में जेल में गुजारनी पड़ी। जेल में एक रात बिताने के बाद एक्टर आज सुबह- सुबह जेल से बाहर आ गए हैं। बाहर आते ही अल्लू अर्जुन सबसे पहले पिता के साथ हैदराबाद में गीता आर्ट्स गए। इसके बाद वह अपने घर के लिए रवाना हुए, जहां पर उनके परिवार के लोग और फैंस काफी बेसब्री से एक्टर के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही अल्लू अर्जुन अपने घर पहुंचे एक्टर का वहां पर शानदार स्वागत किया गया।
एक्टर से गले मिलकर उनकी पत्नी स्नेहा भावुक नजर आई तो वहीं इनके बच्चे भी दौड़कर उनके के पास आए। अल्लू अर्जुन ने परिवार वालों से मिलने के बाद मीडिया से बात भी की।
एक्टर की पत्नी हुईं इमोशनल
ये वीडियो न्यूज एजेंसी एएनआई ने शेयर किया है, वीडियो में अल्लू अर्जुन की कार उनके घर में प्रवेश करती हुई दिखाई दे रही है, जहां पर उनके परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अभिनेता को देखते ही उनका बेटा दौड़कर उनके पास आता है और उनको गले लगा लेता है। इसके बाद एक्टर अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी को गले लगाया इस पल में स्नेहा काफी भावुक हो जाती है। एक्टर फिर अपनी बेटी को गले लगाते हैं, इसके बाद वह घर के बाकी सदस्यों में भी मिलते हैं। वहीं एक्टर की मां भी अपने बेटे का इंतजार करती हुए दिखाई देती है। अल्लू अर्जुन घर आते ही अपनी मां के पैर छूकर आर्शीवाद और फिर उनके साथ ही घर के अंदर गए। अर्जुन की मां ने घर आते ही उनकी नजर भी उतारी।
अपने घर के बाहर मीडिया से बात करते हुए अल्लू अर्जुन ने अपने फैंस को भरोसा दिलाया कि वह सुरक्षित हैं और ठीक हैं। एक्टर ने कहा "मैं अपने प्रशंसकों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं और पुलिस के साथ पूरा सहयोग करूंगा। मृतक महिला के परिवार के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं। इस हादसे में जिस महिला की मौत हुई है, उसके परिवार का जो नुकसान हुआ है उसकी भरपाई नहीं कोई नहीं कर सकता। लेकिन मुझसे जितना हो पाएगा मैं पीड़ित परिवार की उतनी मदद करूंगा। यह दुर्घटना अनजाने में हुई थी, और जो कुछ हुआ उसके लिए मुझे बहुत ज्यादा अफसोस है।"
क्यों गिरफ्तार हुए अल्लू अर्जुन
बता दें 4 दिसंबर को पुष्पा 2 के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में भगदड़ के बीच एक महिला की दुखद मौत के मामले में अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था और निचली अदालत ने 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा था। एक्टर ने अंतरिम जमानत मांगी थी, जिसे तेलंगाना हाई कोर्ट ने मंजूर कर लिया। लेकिन कागजी कार्रवाई में देरी के कारण तेलुगु सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने शुक्रवार की रात चिक्कड़पल्ली सेंट्रल जेल में बिताई। तेलंगाना हाई कोर्ट ने अल्लू अर्जुन को 4 सप्ताह की अवधि के लिए अंतरिम जमानत देते हुए बड़ी राहत प्रदान की। इसके अलावा, अदालत ने 50,000 रुपये का व्यक्तिगत जमानत बॉन्ड निर्धारित किया।
केस वापस लेने को तैयार मृत महिला का पति
मृत महिला रेवती के पति भास्कर ने अब कहा कि वह केस वापस लेने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह उस भगदड़ के लिए अल्लू अर्जुन को जिम्मेदार नहीं मानते हैं, जिसमें उनकी पत्नी रेवती की जान चली गई थी। रेवती के पति भास्कर ने कहा, “मैं केस वापस लेने के लिए तैयार हूं। मुझे गिरफ्तारी की जानकारी नहीं थी और अल्लू अर्जुन का उस भगदड़ से कोई लेना-देना नहीं है, जिसमें मेरी पत्नी की मौत हो गई।"