Gurucharan Singh: टेलीविजन के पॉपुलर शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले अभिनेता गुरुचरण सिंह इन दिनों कठिनाईयों का सामना कर रहे हैं। वह इस समय अस्पताल में भर्ती है। एक्टर ने कुछ दिनों पहले हॉस्पिटल से अपना एक वीडियो शेयर किया है। एक्टर की हालत देख कर उनके फैंस काफी परेशान हो गए है। वह एक्टर के जल्दी ठीक होने की कामना ही कर रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक्टर की हालत काफी खराब है। वहीं एक्टर की करीबी दोस्त भक्ति सोनी ने उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। भक्ति सोनी ने बताया कि एक्टर 1.5 करोड़ रुपये कर्ज में डूबे हुए हैं।
कर्ज में डूबे है एक्टर गुरुचरण सिंह
गुरुचरण सिंह की करीबी दोस्त भक्ति सोनी ने ईटाइम्स को बताया, "उन पर करीब 1.2 करोड़ रुपये का कर्ज है। वहीं उनके पिता के पास 55 करोड़ रुपये की संपत्ति है। लेकिन इस पर विवाद चल रहा है क्योंकि किराएदार उनकी संपत्ति खाली नहीं कर रहा है। अगर ये मामला सुलझ जाता है और संपत्ति बिक जाती है, तो वह अपना कर्ज चुकाने में सक्षम हो जाएंगे।" गुरुचरण सिंह के दोस्त ने आगे दावा किया कि अभिनेता ने अपनी सारी बचत खत्म कर दी है। उन्होंने आगे कहा, "जब उन्हें सबसे ज्यादा सहारे की जरूरत है उस समय उनके परिवार के सदस्यों सहित कोई भी उनकी मदद नहीं कर रहा है। मैं और दिल्ली में एक दोस्त ही हैं जो उन्हें आर्थिक रूप से सहारा दे रहे हैं।"
गुरुचरण सिंह ने भी की थी आर्थिक समस्या की बात
इससे पहले गुरुचरण सिंह जुलाई 2024 में अपने आर्थिक संघर्षों का सामना करने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में बताया कि 2020 में कोरोनावायरस महामारी के दौरान उन्होंने मुंबई छोड़ने का डिसीजन लिया था। उन्होंने अपना एक बिजनेस शुरू किया, लेकिन कई वजहों से यह सफल नहीं हो सका। जिसके बाद से उनको आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ा। एक्टर ने आगे कहा था, "मैं इंडस्ट्री के लोगों से मदद की अपील कर रहा हूं। मैं वापस आ गया हूं और बहुत सारा काम करना चाहता हूं। मैं अपने सभी लोन और कर्ज भी एक-एक करके चुकाना चाहता हूं। यह मेरे काम के जरिए हो सकता है और मैं कड़ी मेहनत करने के लिए तैयार हूं। मुझे एहसास हुआ है कि मैं जीवन में अपनी अन्य जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए भी अपनी आध्यात्मिक यात्रा जारी रख सकता हूं।"