दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सोमवार को कहा कि G20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) के दौरान नई दिल्ली जिले में दवाओं को छोड़कर सभी ऑनलाइन डिलीवरी सर्विस पर रोक रहेगी। स्पेशल पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) एस. एस. यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि G20 को लेकर 25 अगस्त को पुलिस की तरफ से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी (Traffic Advisory) में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा, "जरूरी सेवाएं जैसे पोस्ट और मेडिकल सर्विस, मेडिकल टेस्ट के लिए सैंपल इकट्ठा करने की नई दिल्ली में अनुमति होगी। जिले में कमर्शियल गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी। ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं की अनुमति नहीं होगी, लेकिन दवाओं की डिलीवरी की जा सकेगी।"
उन्होंने कहा कि जरूरी सेवाओं के लिए दी गई वैध अनुमतियों का ‘सम्मान’ किया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारी ने ये भी बताया कि 'सुप्रीम कोर्ट स्टेशन' को छोड़कर मेट्रो सर्विस प्रभावित नहीं होंगी।
उन्होंने कहा, "VIP आवाजाही और सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण स्टेशनों पर 10-15 मिनट के लिए गेट बंद हो सकते हैं। लेकिन प्रगति मैदान (सुप्रीम कोर्ट) के अलावा दूसरे स्टेशनों पर मेट्रो सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।"
यादव ने कहा कि जिन लोगों ने नई दिल्ली जिले में होटल बुक किए हैं, जो एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन से आ-जा रहे हैं, उन्हें यात्रा करने की अनुमति होगी। हालांकि, मांगने पर उन्हें अपनी टिकट, बुकिंग की जानकारी आदि वैध दस्तावेज दिखाने होंगे।
उन्होंने कहा, "सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण 10-15 मिनट की देरी हो सकती है लेकिन उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।"
G20 शिखर सम्मेलन 9-10 सितंबर को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होने वाला है।