G20 Summit Delhi: दिल्ली पुलिस (Delhi Police) G20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit) के लिए सुरक्षा कवायद के तहत, किसी भी अफवाह फैलाने वाले या भड़काऊ पोस्ट को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर नजर रखेगी, आपराधिक तत्वों की पहचान व जांच करेगी और शहर में मॉल, बाजारों व धार्मिक स्थलों पर ध्यान केंद्रित करेगी। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में 'अनुचित प्रवेश को रोकने के लिए' सभी सीमाओं को सील कर दिया जाएगा। हालांकि, सामान्य वाहनों और लोगों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।
उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने पुलिस कमिश्नर समेत दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसके बाद उन्होंने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि अगर कुछ विशेष समूह दो दिवसीय शिखर सम्मेलन के दौरान विरोध प्रदर्शन करने या उपद्रव मचाने की कोशिश करते हैं, तो पुलिस उन्हें शहर में प्रवेश करने से रोक देगी।
राज निवास के अधिकारियों ने कहा कि बैठक के दौरान उपराज्यपाल को सूचित किया गया कि अगले महीने G20 शिखर सम्मेलन से संबंधित विशिष्ट कार्यों की निगरानी और प्रबंधन के लिए 60 DCP को दायित्व सौंपा गया है।
MCD दिल्ली में ज्यादा कचरा वाली जगहों की पहचान की
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले महीने होने वाले G20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक योजना बनाई है, जिसके तहत महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान कर वहां से कचरा साफ किया जाएगा।
दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय ने बृहस्पतिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सभी जोनल उपायुक्त (DC) को इस संबंध में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
ये कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है, जब दिल्ली नगर निगम ने 12 अगस्त को 'अब दिल्ली होगी साफ' नामक शहरव्यापी स्वच्छता अभियान शुरू किया था।
मेयर ओबेरॉय ने कहा कि ऐसे खुली जगह, जहां कचरा नियमित रूप से फेंका जाता है, ऐसे स्थानों की पहचान कर उन्हें साफ करने का विचार है। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर फूलों के गमले लगाए जाएंगे ताकि लोग वहां कूड़ा नहीं फेंकें।