उत्तर प्रदेश के गोंडा के पास चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति से निपटने के लिए 40 सदस्यीय टीम और 15 एम्बुलेंस भेजी हैं। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत की खबर है। रेलवे के सूत्रों बताया कि ट्रेन के ड्राइवर यानी लोको पायलट ने हादसे से पहले धमाके की एक आवाज सुनी थी। हालांकि अब तक ये साफ नहीं हो पाया कि आवाज किस चीज की थी। जिलाधिकारी डॉ. नेहा शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में ट्रेन के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए और अब तक चार लोगों की मौत की जानकारी है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है तथा सभी मृतकों और घायलों को बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
प्रदेश के रिलीफ कमिश्नर जी.एस. नवीन कुमार ने बताया कि हादसे में 20 लोग जख्मी हुए हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य चल रहा है और करीब 40 सदस्यीय मेडिकल टीम और 15 एम्बुलेंस मौके पर मौजूद हैं।
Chandigarh-Dibrugarh Express Accident: 10 प्वाइंट्स में जानें पूरी खटना
हादसे के बाद कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया। आम्रपाली एक्सप्रेस मनकापुर जंक्शन-अयोध्या धाम-बाराबंकी जंक्शन होते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी, गुवाहाटी-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस मनकापुर जंक्शन-अयोध्या धाम-बाराबंकी जंक्शन के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएगी; गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस रूट बदलने के बाद बरहनी-गोण्डा होकर अपने गंतव्य को जायेगी, वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बरहनी-गोंडा के रास्ते डायवर्ट रूट अपनाएगी, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस मनकापुर जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी जंक्शन के रास्ते डायवर्ट रूट से चलेगी, सप्त क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस मनकापुर जंक्शन-अयोध्या कैंट-बाराबंकी जंक्शन के रास्ते बदले हुए रूट से चलेगी, ट्रेन नंबर- 15273 सत्याग्रह एक्सप्रेस बरहनी-गोंडा के रास्ते डायवर्ट रूट से जायेगी, ट्रेन नंबर- 19038 अवध एक्सप्रेस बदले हुए रूट बरहनी-गोंडा होकर चलेगी, ट्रेन नंबर- 22537 कुशीनगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस बरहनी-गोंडा के रास्ते डायवर्ट होकर जाएगी, गाड़ी नंबर- 13019 बाघ एक्सप्रेस डायवर्ट रूट वाया बढ़नी-गोण्डा होकर अपने गंतव्य को जाएगी।