Gujarat Rains: गुजरात में कुदरत का कहर! बेमौसम बारिश के बाद बिजली गिरने से 20 की मौत, अमित शाह ने जताया शोक

Gujarat Rains: IMD ने कहा है कि सोमवार को बारिश कम होने की संभावना है। SEOC द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुजरात की 252 तालुका में से 234 में रविवार को बारिश हुई। सूरत, सुरेंद्रनगर, खेड़ा, तापी, भरूच और अमरेली जिलों में 16 घंटे में 50-117 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और फसल को नुकसान हुआ

अपडेटेड Nov 27, 2023 पर 11:09 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Gujarat Rains: गुजरात में बेमौसम बारिश के दौरान कई जिलों में ओले गिरे

Gujarat Rains: गुजराम में कुदरत का कहर सामने आया है। गुजरात के विभिन्न हिस्सों में हुई बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के विभिन्न शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने से लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के एक अधिकारी के अनुसार, गुजरात के विभिन्न हिस्सों में वर्षाजनित हादसों में अब तक 20 लोगों की मौत होने की सूचना मिली है। इन सभी लोगों की मौत बेमौसम बारिश के दौरान बिजली गिरने से हुई।

SEOC अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि दाहोद जिले में चार, भरूच में 3, तापी में 2 और अहमदाबाद, अमरेली, बनासकांठा, बोटाद, खेड़ा, मेहसाणा, पंचमहल, साबरकांठा, सूरत, सुरेंद्रनगर और देवभूमि द्वारका में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।

शाह ने रविवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "गुजरात के विभिन्न शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने से कई लोगों की मौत होने की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस त्रासदी में अपने प्रियजन को खोने वाले लोगों को जो अपूरणीय क्षति हुई, उसके लिए मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"


भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि सोमवार को बारिश कम होने की संभावना है। SEOC द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुजरात की 252 तालुका में से 234 में रविवार को बारिश हुई। सूरत, सुरेंद्रनगर, खेड़ा, तापी, भरूच और अमरेली जिलों में 16 घंटे में 50-117 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और फसल को नुकसान हुआ।

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला मंदिर में की पूजा-अर्चना, भारतीयों की समृद्धि के लिए की प्रार्थना

राजकोट के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से फसलों के नुकसान के अलावा सौराष्ट्र क्षेत्र के मोरबी जिले में फैक्टरियां बंद किए जाने से सिरेमिक उद्योग भी प्रभावित हुआ। IMD के अहमदाबाद केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि सोमवार को बारिश कम होगी और दक्षिण गुजरात एवं सौराष्ट्र जिलों के कुछ हिस्सों में केंद्रित रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।